इंटरनेशनल क्रिकेटर बन चुके वैभव सूर्यवंशी इस समय दलीप ट्रॉफी 2026 में खेल रहे हैं। इस रेड बॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मैच में ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए बाएं हाथ के इस ओपनर का बल्ला भले ही नहीं चला, लेकिन फिर भी उन्होंने सुर्खियां बटोरने का काम किया।
इसके पीछे का कारण यह था कि वैभव सूर्यवंशी ने नोर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ एक ही ओवर में 2 विकेट निकाले और सामने वाली टीमों को चौंका दिया, जो पहले से ही फॉलोऑन खेल रही थी और शर्मनाक हार को टालने के लिए पूरी कोशिश कर रही थी।
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन की टीम के वाइस कैप्टन हैं, जहां वे ईशान किशन की कप्तानी में खेल रहे हैं। नोर्थ ईस्ट जोन की कमजोर गेंदबाजी के सामने वैभव सूर्यवंशी के पास मौका था कि वे बड़ी पारी खेलें, लेकिन 6 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 8 रन बनाकर वे आउट हो गए। इसके बाद उनकी दूसरी पारी आने की संभावना उस समय खत्म हो गई, जब ईस्ट जोन ने 467 रनों का विशाल स्कोर बनाया और नोर्थ ईस्ट जोन टीम महज 111 रनों पर पहली पारी में ढेर हो गई। ऐसे में नोर्थ ईस्ट जोन को ईस्ट जोन के कप्तान ने फॉलोऑन दे दिया।
दूसरी पारी में नहीं आई वैभव की बल्लेबाजी
इस तरह वैभव सूर्यवंशी की दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं आई, लेकिन दूसरी पारी में वैभव सूर्यवंशी को ईशान किशन ने गेंद जरूर थमा दी। वैसे भी नोर्थ ईस्ट जोन की हालत अच्छी नहीं थी। कप्तान ईशान किशन ने भी सोचा होगा कि इस युवा खिलाड़ी को गेंद ही थमा दी जाए। वैभव सूर्यवंशी ने भी निराश नहीं किया। उन्होंने पहले ओवर में 2 रन दिए और फिर दूसरा ओवर करने के लिए भी आ गए। इस ओवर में उन्होंने दो विकेट अपने नाम कर लिए।
एक ही ओवर में किए वैभव ने 2 शिकार
वैभव सूर्यवंशी ने पहले तो किशन लींगडोह को आउट किया, जो 40 गेंदों में 25 रन बना चुके थे। वहीं, दो गेंदों के बाद इमलीवती लेमटूर को चलता कर दिया। उन्होंने वैभव की गेंद पर चौका लगाया था और वैभव ने तीसरी गेंद पर ही लेमटूर का काम तमाम कर दिया। हालांकि, कप्तान ने 3 ही ओवर उनसे कराए, जिसमें उन्होंने 11 रन खर्च किए और दो विकेट अपने नाम किए। इसके बाद कप्तान ईशान ने अपने प्रमुख गेंदबाजों से गेंदबाजी कराई और जल्द ही एक और सफलता टीम को मिल गई।