वैभव सूर्यवंशी के लिए अफगानिस्तान ने की है स्पेशल तैयारी, टी20 सीरीज से पहले कप्तान ने खोला राज, बोले – ‘हमारे पास है सारी जानकारी’

ई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज का आगाज रविवार, 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मुकाबले से ठीक पहले अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने भारतीय टीम के स्टार वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी राय रखी है।

जादरान ने बता दिया है कि उनकी टीम वैभव के हालिया प्रदर्शन से किसी दबाव में नहीं है और उनके पास इस युवा सलामी बल्लेबाज को रोकने के लिए सटीक प्लान तैयार है।

वीडियो देखकर बनाई रणनीति

मैच से पहले शनिवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अफगान कप्तान इब्राहिम जादरान ने माना कि वैभव एक कमाल की प्रतिभा हैं, लेकिन उनकी टीम उनसे निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। जादरान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी एक अद्भुत टैलेंट हैं। उन्होंने IPL में बहुत शानदार प्रदर्शन किया है और विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताओं में भी अपनी छाप छोड़ी है। हमने टीम मीटिंग्स में उनके बारे में चर्चा की है। हमारी टीम के जिन खिलाड़ियों ने IPL में उनके खिलाफ खेला है, उन्होंने हमें उनसे जुड़ा इनपुट दिया है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हमने उनके बल्लेबाजी वीडियो भी देखे हैं। हम चीजों को बहुत सरल रखेंगे और मैदान पर अपनी बनाई गई रणनीतियों को सही तरीके से लागू करने की कोशिश करेंगे।’

जिम्बाब्वे में मचाया था तहलका, IPL में कूट चुके हैं 776 रन

वैभव सूर्यवंशी ने इसी साल IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 776 रन बनाकर तहलका मचाया था। हालांकि, उनका अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू उतना अच्छा नहीं रहा था और शुरुआती तीन खराब प्रदर्शनों के बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था। लेकिन हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते हुए 50, 20 और 81 रनों की विस्फोटक पारियां खेलीं और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने ईस्ट जोन को दलीप ट्रॉफी जिताने में भी अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, पहले T20I में ईशान किशन और संजू सैमसन की मौजूदगी के चलते वैभव के प्लेइंग 11 में शामिल होने पर सस्पेंस बना हुआ है।

कप्तानी के नए रोल और राशिद खान के साथ पर बोले जादरान

इसी साल राशिद खान की जगह अफगानिस्तान टीम की कमान संभालने वाले इब्राहिम जादरान ने अपनी कप्तानी को लेकर कहा कि वे इस नई जिम्मेदारी का आनंद ले रहे हैं। जादरान ने कप्तानी पर बात करते हुए कहा, ‘यह मेरे लिए एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में मैं इसका आनंद ले रहा हूं। मैं दबाव की स्थितियों में सही फैसले लेने का प्रयास करता हूं। हमारे खिलाड़ी भारतीय परिस्थितियों को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं। राशिद खान के साथ मेरा तालमेल बहुत बेहतर है और हम बस प्रक्रिया पर ध्यान देकर इस सीरीज में अपना 100% देने की कोशिश करेंगे।’

Leave a Comment