भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को कई मैचों के बाद आखिरकार दूसरे टी20 मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। उन्हें ईशान किशन की जगह टीम में मौका मिला। हालांकि वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए।
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मुकाबले में उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा था लेकिन कुछ पूर्व क्रिकेटर्स का मानना था कि वैभव से पारी की शुरुआत करवानी चाहिए थी हालांकि पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट द्वारा वैभव सूर्यवंशी को तीसरे नंबर पर भेजने के फैसले को सही ठहराया है।
टीम मैनेजमेंट ने सही फैसला लिया
पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने कहा है कि ये जरूरी था कि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाए। कैफ ने कहा कि किसी युवा खिलाड़ी को एक या दो पारियों के आधार पर परखना अनुचित होगा, खासकर उसकी हालिया फॉर्म और भूमिका में हुए बदलाव को देखते हुए। ईशान किशन की जगह पर आए वैभव सूर्यवंशी ने दूसरे मैच में 8 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ चार रन बनाए।
मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”वैभव सूर्यवंशी की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए एक-दो पारियों के आधार पर आंकना अनुचित होगा। उन्होंने आगे कहा कि नंबर 3 सूर्यवंशी की स्वाभाविक स्थिति (नंबर) नहीं थी, लेकिन उन्हें लगा कि टीम मैनेजमेंट ने सही फैसला लिया है।
उन्होंने आगे कहा, ”अगर आप उसको पारी की शुरुआत करने देते तो आप मौजूदा सलामी जोड़ी अभिषेक-संजू सैमसन को तोड़ रहे होते और फिर ईशान की वापसी होती तो फिर आपको काफी बदलाव करने पड़ते। लेकिन उसे तीसरे नंबर पर भेजकर, उन्होंने बैटिंग ऑर्डर को नहीं बदला, जोकि सही निर्णय था।”
वैभव सूर्यवंशी ने इस साल धमाकेदार प्रदर्शन किया है। वह आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और ऑरेन्ज कैप अपने नाम किया। उन्होंने इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दौरे पर खेलने का मौका मिला। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान सीरीज में वह बेंच पर रहे।
भारत ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबले क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेले हैं और अब इसके बाद टीमें 27 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को होने वाले आखिरी तीन टी-20 मैचों के लिए वेलिंगटन, ऑकलैंड और हैमिल्टन का रुख करेंगी। पांच टी-20 मैचों के बाद पांच वनडे और फिर दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई है।