वेस्टइंडीज ने हारकर भी बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20I में जड़े 2000 छक्के; भारत कितना दूर?

शेहोप की अगुवाई वाली वेस्टइंडीज की टीम को भले ही भारत के खिलाफ तीसरे टी20 में 14 रनों से हार का सामना करना पड़ा हो, मगर उनकी टीम ने एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है, जिसके बेहद नजदीक टीम इंडिया भी है।

वेस्टइंडीज की टीम ने भारत के खिलाफ तीसरे टी20 में कुल 13 छक्के लगाए। इसी के साथ वेस्टइंडीज की टीम टी20 इंटरनेशनल में 2000 छक्कों का आंकड़ा पार करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। भारत 1997 छक्कों के साथ लिस्ट में दूसरे पायदान पर है। भारतीय खिलाड़ियों ने इस मैच में 8 छक्के लगाए थे। टीम इंडिया ने इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 में पहले बैटिंग करते हुए अभिषेक शर्मा की तूफानी फिफ्टी के दम पर 223 रन बोर्ड पर लगाए थे, इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 209 रन ही बना पाई। भारत ने यह मैच जीत 5 मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।

वेस्टइंडीज-भारत का कोई सानी नहीं

T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीमों में भारत और वेस्टइंडीज के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिलती है। दोनों ही टीमों के पास एक से बढ़कर एक पावरहिटर हैं। वेस्टइंडीज 2010 छक्कों के साथ लिस्ट में पहले पायदान पर है, जबकि भारत 1997 सिक्स के साथ दूसरे पर। अगर लिस्ट में तीसरे पायदान पर मौजूद टीम पर नजर डालें तो वह न्यूजीलैंड की है, जिनके नाम 1585 छक्के दर्ज है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 412 छक्कों का अंतर है, जो काफी बड़ा है। टॉप-5 में न्यूजीलैंड के अलावा पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका की टीमें हैं। पाकिस्तान के नाम भी इस फॉर्मेट में 1500 सिक्स दर्ज हैं।

T20I फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के

2010 – वेस्टइंडीज*

1997 – इंडिया

1585 – न्यूजीलैंड

1500 – पाकिस्तान

1407 – साउथ अफ्रीका

1406 – इंग्लैंड

1400 – ऑस्ट्रेलिया

1045 – श्रीलंका

1014 – अफगानिस्तान

986 – बांग्लादेश

931 – जिम्बाब्वे

कैसा रहा IND vs WI तीसरा टी20?

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 14 रन से हराकर पांच मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।

भारत के 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम शिमरोन हेटमायर (43 रन, 26 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और कामिल पूरन (42 रन, 27 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की उम्दा पारियों के बावजूद सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। शमार स्प्रिंगर (11 गेंद में नाबाद 35, चार छक्के, दो चौके) ने अंत में तूफानी पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

भारत की ओर से अर्शदीप ने 44 रन पर तीन जबकि नमन धीर ने 39 रन पर दो विकेट चटकाए।

वेस्टइंडीज के मौजूदा भारत दौरे पर यह पहला मौका है जब कोई टीम लक्ष्य का बचाव करने में सफल रही है।

Leave a Comment