भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टी20 में जीत हासिल की. इसके साथ ही भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त भी बना ली है. इस जीत के असली हीरो रहे अभिषेक शर्मा. उन्होंने वेलिंगटन की मुश्किल कंडीशंस में तूफानी बल्लेबाजी की.
उन्होंने 38 गेंदों में 113 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और 11 छक्के शामिल थे. अभिषेक ने अपने इस शतक के साथ विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
अभिषेक शर्मा का शतक
मैच में कीवी टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी. न्यूजीलैंड ने भारत को 199 रन का लक्ष्य दिया. अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ओपनिंग करने उतरे. भारतीय सलामी जोड़ी ने अटैकिंग बल्लेबाजी की. पहले ही ओवर में भारत ने 26 रन बना लिए थे. इस तूफानी शुरुआत का नतीजा यह रहा कि भारत ने पावरप्ले में ही 118 रन बना लिए. कीवी गेंदबाजों ने काफी कोशिशें कीं, लेकिन वे इस सलामी जोड़ी के सामने संघर्ष करते रहे.
अभिषेक ने विराट को छोड़ा पीछे
अभिषेक शर्मा ने काइल जैमिसन की गेंद पर छक्का लगाकर महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया था. आठवें ओवर में अभिषेक और वैभव की 133 रन की साझेदारी टूट गई. 45 रन बनाकर वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट गए. लेकिन अभिषेक की अटैकिंग बल्लेबाजी जारी रही. 35 गेंदों में उन्होंने अपना शतक पूरा कर लिया. उन्होंने मैदान पर ध्यान लगाने की मुद्रा में बैठकर इस शतक को सेलिब्रेट भी किया. यह अभिषेक के करियर का चौथा T20I शतक है. वहीं, टी20 क्रिकेट में यह उनका 11वां शतक है.
अभिषेक शर्मा अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है. कोहली के नाम टी20 क्रिकेट में 10 शतक हैं, जबकि अभिषेक अब 11 शतक लगा चुके हैं.
पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक
22 – क्रिस गेल
13 – बाबर आजम
11 – अभिषेक शर्मा
10 – क्विंटन डी कॉक
10 – विराट कोहली
10 – डेविड वार्नर
पुरुषों के T20I में सबसे ज्यादा शतक
5 – ग्लेन मैक्सवेल
5 – रोहित शर्मा
4 – करणबीर सिंह
4 – फिल साल्ट
4 – सूर्यकुमार यादव
4 – अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी ने भारत की जीत लगभग तय कर दी थी. वह काइल जैमिसन की गेंद पर फ्लिक करने की कोशिश में आउट हुए. उस समय भारत जीत से महज 21 रन दूर था. उनके आउट होने के बाद भारत ने कप्तान श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन के विकेट गंवाए. 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर नमन धीर ने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई.