विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में शतक लगाकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा ही। किंग कोहली इस मैच में अलग ही अंदाज में बैटिंग करते नजर आ रहे थे। मैच से पहले आए इंटरव्यू में उन्होंने साफ कर दिया था कि वह अब खुलकर खेलना चाहते हैं।
इसकी झलक उनकी बल्लेबाजी में भी दिखी। कोहली ने 296 रनों का पीछा करते हुए नाबाद 139 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। विराट कोहली अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। टेस्ट और टी20 से वह रिटायरमेंट ले चुके हैं और उनके करियर का आखिरी आसाइनमेंट 2027 वर्ल्ड कप है। अपने करियर के आखिरी पलों में कोहली ने वो कर दिखाया जो उन्होंने इससे पहले नहीं किया। कोहली ने पहली बार एक पारी में 9 छक्के लगाए। किंग कोहली की इस पारी में वीरेंद्र सहवाग से लेकर सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी की भी झलक देखने को मिली। आइए जानते हैं कैसे-
वीरेंद्र सहवाग की तरह पूरी की 50-100
जब भी कोई खिलाड़ी अपने अर्धशतक या शतक के करीब होता है तो वह संभलकर बल्लेबाजी करता है, ताकि वह इस मील के पत्थर को हासिल कर सके। कप्तान शुभमन गिल, जिन्होंने भी इस मैच में शतक जड़ा उनके साथ भी ऐसा देखने को मिला। मगर बहुत ही कम बल्लेबाज होते हैं तो फिफ्टी-हंड्रेड के करीब पहुंचकर भी बड़ा शॉट खेलने से नहीं कतराते। इनमें एक सबसे बड़ा नाम वीरेंद्र सहवाग का है। सहवाग ने अपने करियर में ऐसा कई बार किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में सहवाग की यह झलक विराट कोहली में नजर आई। कोहली ने अपने अर्धशतक के साथ शतक भी बाउंड्री के साथ पूरा किया।
कोहली जब 44 रन पर बैटिंग कर रहे थे, तब उन्होंने 27वें ओवर की पहली गेंद पर अल्जारी जोसेफ को छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया।
वहीं जब वह शतक के करीब 94 रन बनाकर खेल रहे थे तब गुडाकेश मोती के 38वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने अपनी सेंचुरी पूरी की।
सचिन की तरह तोड़े-रिकॉर्ड्स पर रिकॉर्ड
जब सचिन तेंदुलकर मैदान पर उतरते थे तो एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड्स तोड़ते थे। विराट कोहली भी उनकी राह पर चलते नजर आए। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने दर्जनभर रिकॉर्ड अपने नाम किए, जिसमें कई बड़े रिकॉर्ड्स तो खुद सचिन तेंदुलकर के ही थे।
- सबसे तेज 15000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज (303 पारियां)
- दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ 10-10 वनडे शतक लगाने वाले इकलौते
- लिस्ट ए में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले प्लेयर (60)
- घरेलू मैदान पर संयुक्त रूप से सर्वाधिक इंटरनेशनल शतक लगाने वाले (42)
- वेस्टइंडीज के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा इंटरनेशनल सेंचुरी (13)
- वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाले भारतीय (44)
- ODI चेज में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वालों की लिस्ट में तीसरे नंबर (112)
- मौजूदा दशक में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले प्लेयर (12)
- एक देश में सबसे ज्यादा वनडे रन (7006)
- वनडे में रन चेज में 30 शतक जड़ने वाले पहले क्रिकेटर
एमएस धोनी की तरह खत्म किया मैच
एमएस धोनी दुनिया के बेस्ट फिनिशर में से एक हैं। वह मुश्किल स्थिति से टीम को निकालकर मैच जिताने का दम रखते थे। माही ने अपनी इस काबिलियत से वर्ल्ड क्रिकेट को कई बार चौंकाया है। धोनी का अंदाज था कि वह छक्के के साथ मैच को फिनिश करते थे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में धोनी की यह झलक विराट कोहली में दिखी। किंग कोहली तब बैटिंग करने आए थे जब भारत ने 74 के स्कोर पर पहला विकेट रोहित शर्मा के रूप में खोया था। कोहली ने आकर शुभमन गिल के साथ डबल सेंचुरी पार्टनरशिप की और टीम को जीत के नजदीक पहुंचाया।
गिल तो आउट होकर चले गए, मगर कोहली मैच खत्म करने के लिए अंत तक वहां खड़े रहे। कोहली की यह चीज उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। उन्होंने मैच के दौरान वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को अपना विकेट लेने का कोई मौका नहीं दिया।
अंत में धोनी के अंदाज में 42वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने छक्का लगाकर मैच खत्म किया और भारत को 8 विकेट से जीत दिलाई।