विराट कोहली जब मैदान पर होते हैं तो उनके बल्ले और रिकॉर्ड के अलावा उनकी छोटी-छोटी गतिविधियां भी चर्चा में आ जाती हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला।
भारतीय स्टार बल्लेबाज ने शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को जीत की राह पर पहुंचाया, लेकिन उनकी पारी के दौरान एक ऐसी घटना हुई, जिसने मैदान पर मौजूद दर्शकों का ध्यान खींच लिया।
कोहली का फिटनेस बैंड टूटकर गिर गया और उन्हें उसका एक छोटा सा हिस्सा ढूंढ़ने के लिए बल्लेबाजी रोकनी पड़ी। इस वजह से करीब एक मिनट तक खेल भी रुका रहा। बाद में इसकी पिन वापस मिल गई, तब गेम शुरू हुआ और कोहली खुश भी हुए।
कैसे टूटा विराट कोहली का फिटनेस बैंड?
यह घटना भारतीय पारी के 17वें ओवर में हुई। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की पांचवीं गेंद पर कोहली ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनकी कलाई पर लग गई। इसी दौरान उनके हाथ में पहना बैंड टूटकर नीचे गिर गया। कोहली ने पहले अपना रन पूरा किया और फिर मैदान पर गिरे हुए हिस्से को तलाशने लगे।
इस दौरान उन्हें बैंड तो मिल गया लेकिन उसका पिन नहीं मिला। इसके चलते कुछ देर के लिए खेल रोकना पड़ा। अगले ओवर में अंपायर ने उन्हें टूटा हुआ पिन भी लौटा दिया। कोहली ने उसे दर्शकों की तरफ दिखाया और मुस्कुराते हुए अपनी जेब में रख लिया।
कितनी है विराट के फिटनेस बैंड की कीमत?
कोहली की कलाई में नजर आने वाला यह डिवाइस WHOOP फिटनेस बैंड है। इसकी कीमत लगभग 20 हजार से 40 हजार रुपये के बीच है। हालांकि इसकी कीमत मॉडल और सब्सक्रिप्शन प्लान के हिसाब से अलग हो सकती है। इसे इस्तेमाल करने के लिए सब्सक्रिप्शन भी लेना पड़ता है। यानी सिर्फ बैंड खरीदने से इसकी सभी सुविधाएं नहीं मिलतीं।
क्या है WHOOP फिटनेस बैंड की खासियत?
WHOOP सामान्य स्मार्टवॉच से अलग है। इसमें कोई डिस्प्ले नहीं होती और इसका मुख्य काम शरीर की फिटनेस तथा रिकवरी पर नजर रखना है। यह दिल की धड़कन, हार्ट रेट वैरिएबिलिटी (HRV), नींद, सांस लेने की दर और शारीरिक गतिविधियों से जुड़े आंकड़े रिकॉर्ड करता है।