नई दिल्ली: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाल और मुंबई के दिग्गज क्रिकेटर वसीम जाफर ने 24 वर्षीय यशस्वी जायसवाल के विकेटकीपिंग का अभ्यास करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है।
मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने गुरुवार को बताया था कि जायसवाल बल्लेबाजी और लेग स्पिन के अलावा अतिरिक्त कौशल के तौर पर विकेटकीपिंग पर भी काम कर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी के 2026-27 सत्र से पहले उनके विकेट के पीछे अभ्यास करने की तस्वीरें भी सामने आई थीं।
जायसवाल को क्यों महसूस हो रही है विकेटकीपिंग की जरूरत
जाफर ने अपने ‘यूट्यूब चैनल’ पर कहा कि अगर किसी खिलाड़ी ने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो इस भूमिका को अपनाना उसके लिए काफी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सीमित ओवरों की भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए जायसवाल को विकेटकीपिंग की जरूरत क्यों महसूस हो रही है, जबकि इस भूमिका के लिए ईशान किशन, संजू सैमसन और ऋषभ पंत जैसे विकल्प मौजूद हैं।
विकेटकीपिंग करने से कहां मिलेगी जगह
जाफर ने कहा,’जब मैंने यह सुना तो मुझे खुद हैरानी हुई। अगर आपने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो यह बहुत मुश्किल काम है। यह काफी थकाने वाली जिम्मेदारी भी है। वह अगर विकेटकीपिंग शुरू भी कर देते हैं, तो उन्हें जगह कहां मिलेगी? किशन, सैमसन और पंत मौजूद हैं। मुझे लगता है कि वह सफेद गेंद के क्रिकेट में जगह बनाने के लिए ऐसा करना चाहते हैं।’
टेस्ट में विकेटकीपिंग है चुनौतीपूर्ण काम
रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज जाफर का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपिंग करना बेहद चुनौतीपूर्ण है। उनके मुताबिक, इस भूमिका के लिए जरूरी कौशल को कम समय में विकसित करना आसान नहीं है। उन्होंने अगले महीने होने वाले भारत के न्यूजीलैंड दौरे से पहले जायसवाल को अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने की सलाह दी।
बल्लेबाजी पर देना चाहिए ध्यान
जाफर ने कहा, ‘टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपिंग करना बहुत मुश्किल है। मुझे लगता है कि यह कुछ हद तक मजाक जैसा है, क्योंकि अगर आपने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो यह आसान काम नहीं है। यह ऐसा कौशल नहीं है, जिसे आप बहुत कम समय में विकसित कर सकते हैं। मुझे लगता है कि वह सीमित ओवरों की टीम में जगह पाने के लिए कुछ ज्यादा ही जल्दबाजी कर रहे हैं। उन्हें रणजी ट्रॉफी और न्यूजीलैंड दौरे से पहले अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहिए।’
चंडीगढ़ के खिलाफ खेलेंगे रणजी मुकाबला
जायसवाल रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में खेलेंगे। राष्ट्रीय टीम से जुड़ी प्रतिबद्धताओं के कारण वह इसके बाद होने वाले मुंबई के अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे। बताया जा रहा है कि घरेलू सत्र से पहले मुंबई के एक अभ्यास मैच में उन्होंने करीब 10 ओवर तक विकेटकीपिंग भी की थी।