भारत का न्यूजीलैंड दौरा सिर पर है. इसी बीच, BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास (Mithun Manhas) ने एक बड़ा बयान दिया है. बात 2027 ODI वर्ल्ड कप से जुड़ी है. विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम इस ICC टूर्नामेंट के स्कवॉड होगा या नहीं?
मन्हास ने स्थिति साफ कर दी है. पैमाना उम्र नहीं होगा. पैमाना सिर्फ फिटनेस और परफॉरमेंस होगा. अगर दोनों फिट हैं. अच्छा खेल रहे हैं. मैच जिता रहे हैं तो जरूर खेलेंगे.
दरअसल, रोहित और विराट अब सिर्फ ODI खेलते हैं. उन्होंने T20 और टेस्ट से संन्यास ले लिया है. ऐसे में उन्हें एक आखिरी ODI वर्ल्ड कप खेलने की उम्मीद है. ताकि पिछले फाइनल का वो दर्द भुला पाएं. पिछली बार घर पर खेले गए वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी.
अब अगला वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में है. 2027 में रोहित 40 साल के होंगे. वहीं, विराट 38 के होंगे. ऐसे में उनके फ्यूचर को लेकर सवाल उठना लाजिमी है.
BCCI अध्यक्ष ने क्या बताया?
पूर्व क्रिकेटर्स और फैंस के मन में सवाल यही है कि टीम इंडिया की फ्यूचर ट्रांजिशन प्लानिंग क्या है? और आने वाले सालों में इन दोनों सीनियर खिलाड़ियों की क्या भूमिका होगी? ‘स्पोर्टस्टार’ को दिए इंटरव्यू में मन्हास ने कहा,
मेरे नजरिए से, सिलेक्शन का आधार फिटनेस और परफॉर्मेंस होना चाहिए. न कि उम्र. अगर कोई प्लेयर फिट है. अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. देश के लिए मैच जीत रहा है तो हमें इसी पर ध्यान देना चाहिए. यही एकमात्र पैमाना होना चाहिए.
इंग्लैंड दौरे पर रोहित के संन्यास की अफवाहें उड़ी थीं. उनके फॉर्म पर सवाल उठ रहे थे. लेकिन लॉर्ड्स में शतक जड़कर उन्होंने सबका मुंह बंद करा दिया. वहीं, विराट का ODI औसत तो अलग ही लेवल का है. उनके आसपास भी कोई नहीं है.
धोनी और गांगुली का दिया उदाहरण
मन्हास के मुताबिक, रोहित और विराट की मौजूदगी शुभमन गिल को बतौर कप्तान ग्रूम होने में भी मदद करेगी. उन्होंने इसकी तुलना पुराने दौर से की. कैसे विराट ने एमएस धोनी से सीखा था और धोनी को सौरव गांगुली का मार्गदर्शन मिला था. उन्होंने कहा,
शुभमन पिछले दो-तीन सालों से गुजरात टाइटंस के कप्तान हैं. उन्होंने टीम इंडिया की कप्तानी भी की है. वर्ल्ड कप में यह अनुभव उनके बहुत काम आएगा. टीम में विराट, हार्दिक और रोहित का होना निश्चित रूप से उनकी मदद करेगा. इसके अलावा, बुमराह बॉलिंग की कमान संभाल सकते हैं.
मन्हास ने आगे कहा कियह सब काम के बंटवारे की बात है. यह देखना दिलचस्प होगा कि आगे क्या होता है. लेकिन शुभमन काफी समझदार हैं. उनके आसपास सीनियर प्लेयर्स का होना उनके लिए फायदेमंद रहेगा.
अब 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज शुरू हो रही है. पांच T20I, 5 ODI और दो टेस्ट खेले जाएंगे. वनडे सीरीज 4 नवंबर से है. 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारियों के बीच, अब सबकी नजरें रोहित और विराट के बल्ले पर ही टिकी होंगी.