रिंकू सिंह कप्तानी में छाए, मेरठ मेवरिक्स ने जीता यूपी टी20 का खिताब, दिव्यांश जोशी ने फाइनल में ठोका शतक

ई दिल्ली: यूपी टी20 लीग 2026 का खिताबी मुकाबला पूरी तरह से मेरठ मेवरिक्स के नाम रहा। रविवार को खेले गए खिताबी मैच में रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ की टीम ने भुवनेश्वर कुमार की अगुआई वाली लखनऊ फॉल्कंस को 94 रनों के विशाल अंतर से मात देकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

यह दूसरा मौका है जब मेरठ ने इस टूर्नामेंट का खिताब जीता है इससे पहले साल 2024 में माधव कौशिक की कप्तानी में टीम चैंपियन बनी थी, जबकि 2025 के सीजन में भी मेरठ ने फाइनल तक का सफर तय किया था। इस जीत के साथ मेरठ ने क्वालिफायर 1 में लखनऊ के हाथों मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया।

दिव्यांश जोशी ने ठोका शतक

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ की शुरुआत से ही आक्रामक रणनीति दिखी। टीम के स्टार बल्लेबाज दिव्यांश जोशी ने लखनऊ के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। दिव्यांश ने महज 40 गेंदों पर 262.5 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 105 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेली जिसमें 12 चौके और 7 लंबे छक्के शामिल रहे। उनकी इस ताबड़तोड़ पारी की बदौलत मेरठ मेवरिक्स ने 10 से अधिक के रन रेट से रन बनाते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 203 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

 

 

लखनऊ के गेंदबाजों को पड़ी मार

टीम के बाकी बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। स्वास्तिक चिकारा ने 18, ऋतुराज शर्मा ने 24 और अक्षय दुबे ने 15 रन बनाए, जबकि यश गर्ग 16 रन बनाकर नाबाद रहे। दूसरी तरफ, लखनऊ फॉल्कंस के गेंदबाजों के लिए यह दिन काफी कठिन साबित हुआ। हालांकि, अभिनंदन सिंह ने गेंदबाजी में थोड़ा प्रभाव छोड़ते हुए 4 ओवर में 40 रन देकर 3 सफलताएं जरूर प्राप्त कीं। वहीं, कप्तान भुवनेश्वर कुमार, विप्रज निगम और अजीत वर्मा को 1-1 विकेट मिला, लेकिन वे मेरठ की रन-गति पर लगाम लगाने में नाकाम रहे।

लखनऊ के बल्लेबाज हुए फेल

204 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य के सामने लखनऊ फॉल्कंस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम शुरू से ही बैकफुट पर आ गई। एमडी सैफ (10), हिमांशु सिंह (5) और आराध्य यादव (5) जैसे प्रमुख बल्लेबाज जल्दी ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में अजीत वर्मा ने 24 गेंदों में 39 रन (4 चौके, 2 छक्के) बनाकर थोड़ा संघर्ष दिखाया और कृतज्ञ कुमार सिंह ने 21 रन जोड़े, लेकिन यह प्रयास टीम को मैच में वापस लाने के लिए नाकाफी साबित हुआ।

लखनऊ की पूरी टीम 16 ओवरों में महज 109 रन बनाकर ढेर हो गई, जिसमें कप्तान भुवनेश्वर कुमार 5 रन पर नाबाद रहे। मेरठ की ओर से विशाल चौधरी ने घातक स्पेल फेंकते हुए 4 ओवर में केवल 24 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके। जीशान अंसारी ने भी उनका बेहतरीन साथ दिया और अपने कोटे में सिर्फ 12 रन खर्च कर 2 विकेट चटकाए। इसके अलावा करण चौधरी, विजय कुमार और यश गर्ग को 1-1 विकेट मिला।

Leave a Comment