रणजी ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलियाई अंपायर की एंट्री, जानिए कौन हैं बेन ट्रेलोर जो भारत में करेंगे काम?

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंपायर एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत एक ऑस्ट्रेलियाई अंपायर रणजी ट्रॉफी मैचों में अंपायरिंग करेंगे. वहीं, एक भारतीय अंपायर ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट मैचों में दिखेंगे.

ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में दो रणजी ट्रॉफी मैचों में अंपायरिंग करेंगे. जबकि भारतीय अंपायर प्रशांत जोशी ऑस्ट्रेलिया में दो शेफ़ील्ड शील्ड और एक वन डे कप मैच में अंपायरिंग करने जाएंगे. ट्रेलोर का भारत में पहला असाइनमेंट दिल्ली में होगा. वे 18 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली और गुजरात के बीच होने वाले रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायरिंग करेंगे. इसके बाद, वे 26 से 29 अक्टूबर तक मुंबई में मुंबई और हरियाणा के बीच होने वाले मैच में भी अंपायरिंग करते दिखेंगे.

कौन हैं ब्रेन ट्रेलोर

बेन ट्रेलोर को फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 30, लिस्ट ए के 20 और बिग बैश लीग के 39 मैचों में अंपायरिंग का अनुभव है. उन्होंने महिला वन डे इंटरनेशनल के दो और महिला टी20 इंटरनेशनल के चार मैचों में भी अंपायरिंग की है. अंपायरिंग के अलावा, ट्रेलोर क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स के अंपायर एजुकेशन ऑफिसर भी हैं. वे भविष्य के मैच अधिकारियों को ट्रेनिंग देने और उन्हें विकसित करने का काम करते हैं. अंपायर शिक्षा में उनके काम के लिए उन्हें न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट अंपायर्स एंड स्कोरर्स एसोसिएशन से चार जॉर्ज बोरविक मेमोरियल अवॉर्ड मिले हैं.

प्रशांत जोशी कौन हैं?

भारतीय अंपायर प्रशांत जोशी के पास भी घरेलू क्रिकेट में अंपायरिंग का अच्छा अनुभव है. उन्होंने रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी में 19 फर्स्ट क्लास मैच, विजय हजारे ट्रॉफी और देवधर ट्रॉफी में 32 लिस्ट ए मैच और 40 टी20 मैचों में अंपायरिंग की है. उनके टी20 असाइनमेंट में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच भी शामिल हैं. जोशी का ऑस्ट्रेलियाई दौरा 11 से 14 नवंबर तक गाबा में क्वींसलैंड और तस्मानिया के बीच शेफ़ील्ड शील्ड मैच से शुरू होगा. इसके बाद, वे 16 नवंबर को उसी मैदान पर दोनों टीमों के बीच वन डे कप मैच में अंपायरिंग करेंगे. उनका एक्सचेंज प्रोग्राम 22 से 25 नवंबर तक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड के बीच शेफ़ील्ड शील्ड मैच के साथ खत्म होगा.

Leave a Comment