‘मैं भी बलिया से हूं, ठंडा पानी मत पीना,’ वैभव पर महिला ने लुटाया प्यार, चिंता जताते हुए दी सलाह

भारतीय क्रिकेट में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के करोड़ों फैंस हैं। मैदान पर अपने लंबे छक्कों से गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ाने वाले इस युवा बल्लेबाज को न्यूजीलैंड में कुछ ऐसा प्यार मिला, जिसने क्रिकेट के मैदान से इतर लोगों का दिल जीत लिया।

वेलिंग्टन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे टी20 मुकाबले के बाद एक भारतीय महिला प्रशंसक ने वैभव को मां की तरह मौसम का ख्याल रखने की सलाह दी। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।

‘हम भी बलिया से हैं, गर्म पानी पीना’

मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी दर्शकों को ऑटोग्राफ दे रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के बलिया से ताल्लुक रखने वाली एक महिला प्रशंसक ने उनसे बातचीत की। उन्होंने वैभव को बताया कि वह भी बलिया से हैं। इसके बाद महिला ने युवा क्रिकेटर को सलाह दी कि न्यूजीलैंड में ठंड के कारण वह ठंडा पानी पीने से बचें और गर्म पानी पिएं। महिला ने वैभव से यह भी पूछा कि आप ठीक हो ना?

महिला की यह बात सुनकर वैभव मुस्कुराते नजर आए और उन्होंने जवाब दिया, ‘अच्छा जी, ठीक है।’ बातचीत का यह छोटा-सा पल लोगों को खूब पसंद आया। विदेश में खेल रहे एक युवा भारतीय खिलाड़ी के लिए अपने देश की किसी महिला से इस तरह अपनापन मिलना खास अनुभव रहा होगा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर अब जमकर वायरल हो रहा है, फैंस भी मान रहे हैं कि दूर देश में वैभव को मां की तरह किसी ने अच्छी सलाह दी है।

 

 

मैदान पर भी वैभव ने मचाया धमाल

वैभव सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में अपनी बल्लेबाजी से भी प्रभावित किया। उन्होंने महज 19 गेंदों में 45 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। वैभव ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर भारतीय पारी को तेज शुरुआत दिलाई।

दूसरी ओर, अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों में 113 रन की विस्फोटक पारी खेली। भारत ने 199 रन का लक्ष्य केवल 13.2 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।

Leave a Comment