मुंबई ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के सीजन के लिए युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को लीडरशिप ग्रुप में रखा है। आयुष को मुंबई ने वाइस कैप्टेंसी सौंपी है, जबकि कप्तानी सिद्धेश लाड को दी है। आयुष म्हात्रे चेन्नई सुपर किंग्स में एमएस धोनी के साथ खेले हैं, जहां उनसे एक बात आयुष ने सीखी है, जिसको वह अपने जीवन में और क्रिकेट के मैदान पर अपनाते हैं।
इसके बारे में उन्होंने वाइस कैप्टन बनने के बाद बताया है। आयुष म्हात्रे ने कहा है कि आपको जो भी फैसला लेना है, उसे शांत मन से लेना होगा, जिससे उसका असर बेहतर होगा।
एमएस धोनी से मिली सीख पर आयुष म्हात्रे ने मुंबई का वाइस कैप्टन बनने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमने हमेशा देखा है कि महेंद्र सिंह धोनी कैसे शांत रहते हैं और मैंने उनसे जो एक बात सीखी है, वह यह है कि गुस्सा भले ही पांच मिनट तक रहे, लेकिन गुस्से में लिए गए फैसले अक्सर गलत हो सकते हैं। एक बार जब आप शांत हो जाते हैं, तो आप बेहतर सोच सकते हैं। मैंने उसी तरीके को अपनाने की कोशिश की है, मैदान पर शांत रहकर अपने और टीम के लिए बेहतर फैसले लिए हैं।”
कई बड़े नाम हैं मुंबई की टीम में शामिल
मुंबई के पास पहले से ही कई बेहतरीन क्रिकेटर हैं, लेकिन फिर भी मुंबई क्रिकेट संघ ने लीडरशिप ग्रुप के लिए दो ऐसे खिलाड़ियों को चुना है, जिन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव नहीं है, लेकिन वे आईपीएल में बड़ी फ्रेंचाइजियों के लिए खेले हैं। रणजी ट्रॉफी के सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम एक बार फिर से खिताब की दावेदार नजर आ रही है, क्योंकि इस साल भी उन्हें कई सितारों की साथ मिलेगा, जिनमें यशस्वी जायसवाल, तुषार देशपांडे और सरफराज खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
हालांकि, एमसीए ने सूर्यकुमार यादव को रणजी ट्रॉफी के लिए टीम में नहीं चुना है। रिपोर्ट्स की मानें तो सिलेक्टर्स ने उनसे बात की थी और सूर्या ने खेलने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन उन्हें 16 सदस्यीय टीम में जगह नहीं दी। बाद में मुंबई के मुख्य चयनकर्ता ने बताया कि उन्होंने लंबे समय से रेड बॉल क्रिकेट नहीं खेला है। सूर्या भारत की टी20 टीम से भी बाहर हो चुके हैं।
मुंबई की टीम इस प्रकार है
सिद्धेश लाड (कप्तान), आयुष म्हात्रे (उप-कप्तान), शम्स मुलानी, यशस्वी जायसवाल, तनुश कोटियन, अथर्व अंकोलेकर, दिव्यांश सक्सेना, तुषार देशपांडे, मुशीर खान, मोहित अवस्थी, सरफराज खान, सिल्वेस्टर डिसूजा, सुवेद पारकर, ओंकार तरमाले, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तमोर (विकेटकीपर)।