लखनऊ : नोएडा किंग्स के तेज गेंदबाज नमन तिवारी ने यूपी टी-20 लीग के सीजन-4 में सोमवार देर रात गौर गोरखपुर लायंस के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। नमन ने 3.5 ओवर में महज 13 रन देकर छह विकेट झटके और लीग के इतिहास में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
नमन ने मुकाबले में बिना कोई मेडन ओवर डाले छह विकेट हासिल किए। उन्होंने पहले ही पांच विकेट पूरे कर लिए थे और इसके बाद छठा विकेट लेते ही यूपी टी-20 लीग में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के रिकॉडर्धारी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड काशी रुद्रास के अटल बिहारी राय के नाम था।
वर्ष 2023 में लीग के पहले सीजन में कानपुर में खेले गए मुकाबले में अटल बिहारी राय ने लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ चार ओवर में 27 रन देकर 6 विकेट लिए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर मेरठ मावेरिक्स के कार्तिक त्यागी हैं। उन्होंने भी 2023 में लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ चार ओवर में एक मेडन सहित 35 रन देकर 6 विकेट हासिल किए थे।