भुवनेश्वर कुमार हैं बड़ा खतरा, न्यूजीलैंड ने भी मानी ली ये बात, ऐसा है स्टार पेसर का रिकॉर्ड

भारतीय टीम में चार साल बाद वापसी कर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार न्यूजीलैंड के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं. न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने खुद माना है कि भुवी अपनी स्विंग गेंदबाजी से उन्हें मुश्किल में डाल सकते हैं.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज गुरुवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शुरू होगी. भुवनेश्वर कुमार 4 साल बाद टीम इंडिया में लौटे हैं.

न्यूजीलैंड की चिंता

सेंटनर ने सीरीज से ठीक पहले कहा, “मुझे लगता है कि भुवी को न्यूजीलैंड की ये कंडीशंस बहुत पसंद आएंगी. अगर पिच में थोड़ी भी मदद हुई, तो वो उसका पूरा फायदा उठाएंगे.” उन्होंने आगे कहा कि भुवी भारत की सपाट पिचों पर भी गेंद को स्विंग करा लेते हैं. ऐसे में नई गेंद से न्यूजीलैंड में उनका सामना करना एक बड़ी चुनौती होगी.

भुवनेश्वर की ताकत गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की है. वो अपनी सटीक लाइन लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं और पिच से थोड़ी भी मदद मिलने पर कमाल कर देते हैं. न्यूजीलैंड की पिचें उनकी इस खूबी को और बढ़ा सकती हैं, खासकर पावरप्ले में जब बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन नई गेंद सीमर्स को मदद देती है.

सेंटनर ने भारत की टी20 पिचों की तुलना न्यूजीलैंड से की, जहां इन दिनों बड़े स्कोर बन रहे हैं. उन्होंने कहा, “भारत में आजकल गेंदबाजों के लिए काफी मुश्किल है. हमने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में देखा कि 250 रन भी चेज हो गए. ऐसे में कौन गेंदबाज बनना चाहेगा? लेकिन भुवी को यहां की कंडीशंस थोड़ी बेहतर लग सकती हैं.”

IPL में शानदार वापसी

36 साल के भुवनेश्वर ने टी20 इंटरनेशनल में 87 मैचों में 90 विकेट लिए हैं, जिसमें दो बार पांच विकेट और तीन बार चार विकेट लेने का कारनामा शामिल है. इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी से पहले उन्होंने आईपीएल में भी शानदार प्रदर्शन किया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए भुवी ने 2026 सीजन में 16 मैचों में 28 विकेट चटकाए थे. इस दौरान उनकी औसत 17.89 और इकोनॉमी रेट 7.95 रहा, जिससे आरसीबी ने लगातार दूसरी बार खिताब जीता था. 2025 और 2026 के आईपीएल सीजन में उन्होंने कुल 31 मैचों में 45 विकेट लिए थे.

न्यूजीलैंड में कैसा है रिकॉर्ड?

भुवनेश्वर को अब 100 टी20 इंटरनेशनल विकेट पूरे करने का मौका मिलेगा. उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ 10 विकेट और चाहिए. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल पहले ही ये आंकड़ा छू चुके हैं. हालांकि, भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड में बहुत अच्छा नहीं हैं. यहां भुवी ने 5 टी20 मैच खेले हैं और सिर्फ 4 विकेट लिए हैं, जबकि 8.42 का इकॉनमी रहा है. वहीं 10 वनडे मैच में उन्होंने 11 विकेट ही लिए हैं.

Leave a Comment