भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी का खेल खत्म? पूर्व क्रिकेटर की सलाह, अब मूव ऑन कर जाओ.

वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए बुधवार को भारतीय टीम का ऐलान हुआ, लेकिन अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार को जगह नहीं मिली. दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के बाद उनके इंटरनेशनल करियर को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 विकेट लिए थे. वहीं, मोहम्मद शमी 2025 के बाद से भारतीय टीम से बाहर हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारतीय टीम के मौजूदा चयन को देखकर शमी और भुवनेश्वर के लिए स्थिति काफी साफ नजर आती है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “मुझे लगता है कि जब आप शमी और भुवी के नजरिए से चीजों को देखते हैं तो तस्वीर साफ है. टी20 इंटरनेशनल में आप भुवी के बारे में सोच सकते थे और वनडे में मोहम्मद शमी के बारे में विचार किया जा सकता था, लेकिन अब आप उनके बारे में नहीं सोच रहे हैं.”

युवा गेंदबाजों को मिल रहे मौके
आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम में नए खिलाड़ियों को मिल रहे मौकों का भी जिक्र किया. वनडे टीम में औकिब नबी को शामिल किया गया है, जबकि टी20 टीम में मयंक यादव और प्रिंस यादव को मौका मिला है. उन्होंने कहा; “इतनी सारी टीमें, इतना बदलाव और नए खिलाड़ियों को लगातार मौके मिल रहे हैं. ऐसे में भुवी और शमी दोनों का टीम में नहीं होना हमें कुछ संकेत देता है. शायद हमें इसे स्वीकार करना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए.”

100वां फर्स्ट क्लास मैच खेलकर भावुक हुए शमी
इस बीच मोहम्मद शमी ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए अपने करियर का 100वां फर्स्ट क्लास मैच पूरा किया. इस उपलब्धि को शमी ने खास बताया और कहा कि 100 मैचों तक पहुंचना लंबी मेहनत और त्याग का नतीजा है. उन्होंने कहा; “100वां मैच हमेशा खास होता है. 100 फर्स्ट क्लास मैच खेलना एक सपना है.” ईस्ट जोन ने फाइनल में साउथ जोन को हराकर दलीप ट्रॉफी का खिताब जीता. शमी तब भी टीम का हिस्सा थे जब ईस्ट जोन ने 2012 में पहली बार यह ट्रॉफी जीती थी.

Leave a Comment