भारतीय टीम में वापसी नहीं होने पर सफराज खान का हैरतअंगेज दावा, बोले- जब मैं साथ था तो यही सुना कि.

भारतीय मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान ने सोमवार को दावा किया कि भारतीय टीम प्रबंधन उन्हें फिलहाल केवल घरेलू परिस्थितियों में टेस्ट क्रिकेट के लिए ही उपयोगी मान रहा है। चयनकर्ताओं या टीम प्रबंधन की ओर से उन्हें उनकी भूमिका को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

रेलवे के खिलाफ रणजी मैच में 100 गेंदों में 55 रन बनाने वाले सरफराज ने विदेशी दौरों पर टीम में जगह नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्होंने भारत के बाहर भी रन बनाए हैं। मुंबई का पहले दिन स्कोर 247/6 रहा। सरफराज के अलावा अंगकृष रघुवंशी (78) ने अर्धशतक जमाया।

‘जब मैं टीम के साथ था तो यही सुना कि…’

रेलवे के खिलाफ मुंबई के रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद सरफराज ने पत्रकारों से कहा, ”जब मैं भारतीय टीम के साथ था तो मैंने यही सुना कि वे मुझे भारतीय परिस्थितियों में खेलने के लिए ज्यादा देख रहे हैं। किसी चयनकर्ता ने हालांकि मुझसे सीधे तौर पर ऐसा नहीं कहा है।” फरवरी 2024 में टेस्ट पदार्पण करने वाले सरफराज ने अब तक अपने करियर के सभी छह टेस्ट मैच भारत में खेले हैं। हाल ही में श्रीलंका दौरे पर भी वह चोटिल साई सुदर्शन के स्थान पर भारतीय टीम में शामिल किए गए थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला था।

‘जब मैं दक्षिण अफ्रीका गया था तो वहां…’

सरफराज ने विदेशी दौरों के लिए टीम में चयन नहीं होने पर हैरानी जताई। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में अभ्यास मैचों में बनाए गए शतकों का हवाला दिया। उन्होंने कहा, ”जब मैं दक्षिण अफ्रीका गया था तो वहां अभ्यास मैच में भारत ए का प्रतिनिधित्व करते हुए भारतीय टीम के खिलाफ 63 गेंदों में शतक बनाया था। इसके बाद इंग्लैंड में भी मैंने 76 गेंदों में 101 रन की पारी खेली थी।” उन्होंने कहा, ”ऐसा नहीं है कि मैंने भारत के बाहर रन नहीं बनाए हैं। मैंने वहां भी रन बनाए हैं। यह चयनकर्ताओं का नजरिया है और उनका फैसला है। मेरा काम क्रिकेट खेलना है।”

पिछले महीने सरफराज ने लगाया था शतक

सरफराज खान ने पिछले महीने रणजी ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 228 गेंदों में 19 चौकों की मदद से 154 रन बनाए। मुंबई का यह बल्लेबाज (40 रन, 96 गेंद, छह चौके) हरियाणा के विरुद्ध अर्धशतक से चूक गया था।

Leave a Comment