जापान की मेजबानी में एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत 19 सितंबर से हो रही है. भारतीय दल में इस बार 768 सदस्य जा रहे हैं, जिनमें खिलाड़ियों की संख्या 503 है. 45 देशों के एथलीट 43 अलग-अलग खेलों में मेडल के लिए दावेदारी पेश करेंगे.
भारतीय दल में वैभव सूर्यवंशी से लेकर मनु भाकर जैसे एथलीट एक्शन में दिखेंगे.
एशियन गेम्स में भारत को सबसे ज्यादा सफलता एथलेटिक्स में मिली है. भारतीय एथलीटों ने अब तक 85 गोल्ड सहित 283 पदक जीते हैं. वहीं कबड्डी, कुश्ती और शूटिंग में भी खूब सारे मेडल आते रहे हैं. पेरिस ओलंपिक्स के सिल्वर मेडल विजेता नीरज चोपड़ा इन खेलों में भाग नहीं लेंगे, जिन्हें कुछ दिन पहले टखने में चोट आई थी. इसके कारण उन्हें डायमंड लीग फाइनल्स से भी बाहर रहना पड़ा.
भारत के 503 एथलीट खेलेंगे
एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल 503 एथलीट 36 अलग-अलग खेलों में भाग लेंगे. पहले यह संख्या 492 थी, लेकिन खेल मंत्रालय के आदेश के बाद खिलाड़ियों की संख्या बढ़कर 503 हो गई है. इनमें 269 पुरुष एथलीट और 234 महिला एथलीट भारत का प्रतिनिधित्व कर रही होंगी. इस बार भारत एशियन गेम्स में अपना सर्फिंग डेब्यू करने जा रहा है.
2 बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतकर या रहीं मीराबाई चानू, भारतीय क्रिकेट टीम से भी पदक की उम्मीद होगी. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया एशियन गेम्स खेलने जापान जाएगी, जिसमें की युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर भी सबकी नजरें टिकी होंगी.
मेंस हॉकी में भारत पांचवीं बार एशियन गेम्स चैंपियन बनना चाहेगा, दूसरी ओर महिलाएं 1982 से चले या रहे गोल्ड मेडल के सूखे का अंत करना चाहेंगी. 2022 एशियन गेम्स में कबड्डी में मेंस और वीमेंस का फाइनल, बहुत रोमांचक रहे थे, लेकिन अंत में टीम इंडिया ने दोनों स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीता था.
भारत को लगा झटका
2022 एशियाई खेलों में भारत ने कुल 106 पदक जीते थे, जिनमें 28 गोल्ड शामिल रहे. भारतीय एथलीट इस बार पदकों की संख्या को और अधिक बढ़ाना चाहेंगे. मगर खेलों की शुरुआत से पहले भारतीय दल को झटका भी लगा है. डोपिंग नियमों के उल्लंघन के चलते रेसलर मुकुल दहिया और दीपांशु को हटा दिया गया. वहीं डोपिंग का दोषी पाए जाने के बाद शूटर गौरव कुमार को भी हटा दिया गया, उनकी जगह आकाश भारद्वाज ने ली है.
महिला क्रिकेट टीम को भी बहुत बड़ा झटका लगा है, क्योंकि मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज जेमिमा रोड्रीग्स टीम का हिस्सा नहीं होंगी. वो चोट के कारण एशिया कप में भी नहीं खेल रही हैं. पिछली 2 बार से एशियाई खेलों में भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़ी है. 2018 में 70 पदक, जबकि 2022 में भारत ने 36 पदकों की छलांग मारते हुए 106 मेडल जीते थे. भारतीय दल इस बार अपना निजी रिकॉर्ड और बेहतर करना चाहेगा.