स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के साथ जारी टी-20 सीरीज के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड पर दौरे पर जाएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की फटाफट क्रिकेट यानी टी-20 सीरीज खेली जाएगी।
इस सीरीज से पहले न्यूजीलैंड टीम पर मुसीबतों का पहाड़ टूटा है।
कीवी टीम के दो बल्लेबाज चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए तो वहीं एक दिग्गज ओपनर खिलाड़ी ने संन्यास का ऐलान कर दिया। भारत के खिलाफ होने वाली श्रंखला से मार्क चैपमन और जैक फॉल्कस चोट के चलते बाहर हो गए। टेस्ट मैचों के ओपनर बल्लेबाज जीत रावल ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
न्यूजीलैंड ने किए स्क्वॉड में बदलाव
बता दें कि, पांच मैचों की फटाफट सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी। इसके लिए कीवी टीम का ऐलान कर दिया गया लेकिन चोट के चलते स्क्वॉड में बदलाव करने पड़े। न्यूजीलैंड बोर्ड ने रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया।
ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनेर को टीम में शामिल किया गया है। चैपमैन को बाएं पैर में मांसपेशियों में चोट है जो उन्हें यूरोपियन प्रीमियर लीग खेलते हुए लगी थी। हालांकि, उनके वनडे सीरीज तक फिट होने की उम्मीद है।
इसके अलावा जैक फॉल्कस को अपनी घरेलू टीम कैंटरबरी के साथ अभ्यास करते हुए चोट लगी थी। उनको चोट से उबरने में समय लग सकता है। वह भारत के खिलाफ वनडे टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
मैं जैक और मार्क के लिए दुखी- रॉब वॉल्टर
कीवी टीम के कोच रॉब वॉल्टर का कहना है कि, महत्वपूर्ण सीरीज से मार्क और जैक के लिए दुखी हूं। दोनों टी-20 फॉर्मेट के शानदार खिलाड़ी है। मैं कामना करता हूं कि वह जल्दी फिट होकर टीम में लौटे। हम भारत के खिलाऱफ होने वाली सीरीज के लिए पूरी तरह से तैयार है।
जीत रावल का संन्यास
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के पेशेवर क्रिकेटर जीत रावल ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया। वह न्यूजीलैंड की ओर से टेस्ट क्रिकेट में ओपनर की भूमिका निभाते थे। जीत ने साल 2016 से लेकर 2020 तक न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं।
रावल का इंटरनेशनल करियर
जीत ने इंटरनेशनल करियर में 24 टेस्ट मैचों में 1143 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 30.70 का रहा और उनके बल्ले से एक शतक निकला। इसके अलावा वह 7 फिफ्टी लगाने में कामयाब रहे हैं। लंबे समय से वह टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने में नाकाम रहे थे।