भारत की वेस्टइंडीज पर पहली T20 जीत: 15 साल पहले सुरेश रैना की कप्तानी में 16 रन से जीती थी टीम, रोहित-विराट का ऐसा था प्रदर्शन

चार जून 2011 को पोर्ट ऑफ स्पेन में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया टी20 मुकाबला कई मायनों में खास था। यह वही मैच था जिसमें भारत ने पहली बार वेस्टइंडीज को टी20 इंटरनेशनल में हराया था।

सुरेश रैना की कप्तानी में उतरी भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए और फिर वेस्टइंडीज को 143/5 पर रोककर 16 रन से जीत दर्ज की। एस बद्रीनाथ 43 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए, जबकि टीम में शामिल रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी योगदान दिया।

इससे पहले भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेले थे और उसे दोनों में हार झेलनी पड़ी थी। इंग्लैंड के लॉर्ड्स में 12 जून 2009 को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 मैच में भारतीय टीम को सात विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। ब्रिजटाउन में नौ मई 2010 को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 मैच भारत ने 14 रन से गंवाया था। दोनों ही मुकाबलों में भारतीय टीम की कमान एमएस धोनी के हाथों में थी।

वेस्टइंडीज के तत्कालीन कप्तान डैरेन सैमी ने पोर्ट ऑफ स्पेन में टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय पारी की शुरुआत पार्थिव पटेल और शिखर धवन ने की। हालांकि, शिखर धवन 11 गेंद में पांच रन बनाकर तीसरे ओवर में आउट हो गए। इसके बाद पार्थिव पटेल ने विराट कोहली के साथ पारी को संभाला। पार्थिव पटेल ने 20 गेंद में 26 रन बनाए। इसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था। विराट कोहली ने 12 गेंद में 14 रन की पारी खेली और दो चौके लगाए।

सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने संभाली पारी

भारत ने 48 रन के स्कोर पर शिखर धवन, विराट कोहली और पार्थिव पटेल तीनों के विकेट गंवा दिए थे। 56 रन के स्कोर पर सुरेश रैना (दो रन) भी पवेलियन लौट गए। अब टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मध्यक्रम पर थी। इसके बाद एस बद्रीनाथ ने छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और रोहित शर्मा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की। एस बद्रीनाथ ने 37 गेंद में 43 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे। रोहित शर्मा ने 23 गेंद में 26 रन बनाए और दो छक्के लगाए। रोहित शर्मा का विकेट 18वें ओवर में 127 रन के स्कोर पर गिरा।

यूसुफ पठान-हरभजन सिंह ने दिखाई तेजी

इसके बाद भारत के निचले क्रम ने तेजी दिखाई। बद्रीनाथ भी अगले ही ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए, लेकिन यूसुफ पठान और हरभजन सिंह ने बाकी गेंदों का भरपूर फायदा उठाया। यूसुफ पठान ने सिर्फ छह गेंद में नाबाद 15 रन बनाए। इसमें दो छक्के शामिल थे। हरभजन सिंह ने सात गेंद में नाबाद 15 रन बनाए और एक चौका तथा एक छक्का लगाया। इस तरह भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 159 रन बनाए।

वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत

वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लेंडन सिमंस नौ रन बनाकर अश्विन का शिकार हुए, जबकि आंद्रे फ्लेचर 11 रन बनाकर मुनाफ पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए। 22 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज के दो विकेट गिर चुके थे। इसके बाद डैरेन ब्रावो और मर्लोन सैमुअल्स ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की और स्कोर को 88 रन तक पहुंचाया। सैमुअल्स 29 गेंद में 27 रन बनाकर हरभजन सिंह की गेंद पर आउट हुए। दो गेंद बाद डैरेन ब्रावो भी हरभजन का दूसरा शिकार बने। उन्होंने 41 गेंद में 41 रन बनाए और पांच चौके लगाए।

17वें ओवर में बदला मैच का रुख

वेस्टइंडीज का स्कोर 92 रन था, तभी डैरेन ब्रावो का विकेट गिरा। इसके बाद कप्तान डैरेन सैमी भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए और प्रवीण कुमार की गेंद पर विराट कोहली के हाथों कैच आउट होकर खाता खोले बिना लौट गए। 93 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद वेस्टइंडीज के सामने आखिरी चार ओवर में 67 रन बनाने की चुनौती थी। क्रिस बार्नवेल और डैंजा हयात ने तेजी से रन बनाए और मुकाबले में रोमांच बनाए रखा।

क्रिस बार्नवेल ने महज 16 गेंद में नाबाद 34 रन ठोके। इसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। हयात ने सात गेंद में नाबाद 14 रन बनाए। हालांकि, शुरुआती ओवरों में गंवाए विकेटों की भरपाई करना वेस्टइंडीज के लिए संभव नहीं हुआ। टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 143 रन ही बना पाई और भारत ने 16 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

वेस्टइंडीज के खिलाफ खुला भारत का खाता

इस जीत के साथ भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में अपना जीत का खाता खोला। भारत की गेंदबाजी में हरभजन सिंह सबसे प्रभावी रहे। उन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट लिए। प्रवीण कुमार, रविचंद्रन अश्विन और मुनाफ पटेल को एक-एक विकेट मिला, जबकि यूसुफ पठान ने चार ओवर में सिर्फ 22 रन दिये।

भारत की बल्लेबाजी (20 ओवर अधिकतम)

बल्लेबाज रन गेंदें मिनट 4s 6s SR
पार्थिव पटेल (विकेटकीपर) कैच मर्लोन सैमुअल्स बोल्ड डैरेन सैमी 26 20 36 2 1 130
शिखर धवन कैच आंद्रे फ्लेचर बोल्ड डैरेन सैमी 5 11 13 0 0 45.45
विराट कोहली कैच डैंजा हयात बोल्ड डैरेन सैमी 14 12 15 2 0 116.66
एस बद्रीनाथ कैच आंद्रे फ्लेचर बोल्ड देवेंद्र बिशू 43 37 47 5 0 116.21
सुरेश रैना (कप्तान) कैच क्रिस बार्नवेल बोल्ड डैरेन सैमी 2 6 5 0 0 33.33
रोहित शर्मा बोल्ड क्रिस बार्नवेल 26 23 33 0 2 113.04
यूसुफ पठान नाबाद 15 6 1 0 2 250
हरभजन सिंह नाबाद 15 7 5 1 1 214.28
अतिरिक्त (लेगबाई 1, नोबॉल 2, वाइड 10) 13
कुल स्कोर 20 ओवर (रनरेट: 7.95) 159/6

बल्लेबाजी नहीं की: प्रवीण कुमार, रविचंद्रन अश्विन, मुनाफ पटेल

विकेट पतन: 1-13 (शिखर धवन, 2.6 ओवर), 2-48 (विराट कोहली, 6.5 ओवर), 3-48 (पार्थिव पटेल, 6.6 ओवर), 4-56 (सुरेश रैना, 8.4 ओवर), 5-127 (रोहित शर्मा, 17.4 ओवर), 6-134 (एस बद्रीनाथ, 18.1 ओवर)

गेंदबाजी ओवर मेडन रन विकेट इकॉनमी 0s वाइड नोबॉल
रवि रामपॉल 4 0 38 0 9.5 9 3 1
आंद्रे रसेल 2 0 26 0 13 0 0 1
डैरेन सैमी 4 0 16 4 4 11 0 0
एश्ले नर्स 4 0 23 0 5.75 9 1 0
देवेंद्र बिशू 4 0 31 1 7.75 9 0 0
क्रिस बार्नवेल 2 0 24 1 12 4 2 0

वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी (लक्ष्य: 160 रन, 20 ओवर)

बल्लेबाज रन गेंदें मिनट 4s 6s SR
आंद्रे फ्लेचर (विकेटकीपर) बोल्ड मुनाफ पटेल 11 16 20 0 1 68.75
लेंडन सिमंस कैच विराट कोहली बोल्ड रविचंद्रन अश्विन 9 9 19 1 0 100
डैरेन ब्रावो बोल्ड हरभजन सिंह 41 41 47 5 0 100
मर्लोन सैमुअल्स कैच पार्थिव पटेल बोल्ड हरभजन सिंह 27 29 44 3 0 93.1
डैंजा हयात नाबाद 14 7 20 1 1 200
डैरेन सैमी (कप्तान) कैच विराट कोहली बोल्ड प्रवीण कुमार 0 2 2 0 0 0
क्रिस बार्नवेल नाबाद 34 16 12 2 3 212.5
अतिरिक्त (लेगबाई 4, वाइड 3) 7 रन
कुल स्कोर 20 Ov (रनरेट: 7.15) 143/5

बल्लेबाजी नहीं की: आंद्रे रसेल, एश्ले नर्स, देवेंद्र बिशू, रवि रामपॉल

विकेट पतन: 1-22 (लेंडन सिमंस, 3.5 ओवर), 2-22 (आंद्रे फ्लेचर, 4.2 ओवर), 3-88 (मर्लोन सैमुअल्स, 15.3 ओवर), 4-92 (डैरेन ब्रावो, 15.5 ओवर), 5-93 (डैरेन सैमी, 16.2 ओवर)

गेंदबाजी ओवर मेडन रन विकेट इकॉनमी 0s वाइड नोबॉल
प्रवीण कुमार 4 1 27 1 6.75 9 0 0
हरभजन सिंह 4 0 25 2 6.25 9 2 0
रविचंद्रन अश्विन 4 0 30 1 7.5 16 1 0
मुनाफ पटेल 4 0 35 1 8.75 11 0 0
यूसुफ पठान 4 0 22 0 5.5 10 0 0

Leave a Comment