बोल्ट, बुमराह, स्टार्क, मलिंगा और ज़हीर को बनाया जिसने गुरु, उसने UP T20 League में 23 गेंदों में गिराए 6 विकेट

जिसने तेज गेंदबाजी के बड़े-बड़े सूरमाओं से टिप्स लेकर अपनी रफ्तार को धार दी हो, उसका वार तो दमदार होगा ही. UP T20 League 2026 में 24 अगस्त को खेले मुकाबले में एक ऐसे ही गेंदबाज का रौब देखने को मिला.

नोएडा सुपर किंग्स और गोरखपुर लायंस के बीच खेले मुकाबले में उस तेज गेंदबाज ने अपनी चमक ऐसे बिखेरी कि देखने वाले दंग रह गए. 20 ओवर के मैच में उसने 6 विकेट अकेले चटकाए और ऐसा करते हुए विरोधी टीम को सस्ते में ही ऑल आउट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. हम बात कर रहे हैं 20 साल के होनहार गेंदबाज नमन तिवारी की.

नमन तिवारी ने सिर्फ 23 गेंदों में झटके 6 विकेट

UP T20 League 2026 में नमन तिवारी ने नोएडा सुपर किंग्स से खेलते हुए गोरखपुर लायंस के खिलाफ 6 विकेट झटके. उन्होंने ये विकेट मैच में फेंकी सिर्फ 23 गेंदों यानी 3.5 ओवर में 13 रन देकर झटके. नमन तिवारी के इस कातिलाना गेंदबाजी का असर ये हुआ कि पहले बल्लेबाजी करते हुए गोरखपुर लायंस पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 17.5 ओवर में 112 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. नोएडा सुपर किंग्स ने 16.1 ओवर में लक्ष्य को चेज करते हुए 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया.

 

 

5 महारथी गेंदबाज कैसे बने नमन तिवारी के गुरु?

अब सवाल है कि कैसे बोल्ट, बुमराह, स्टार्क, मलिंगा और ज़हीर जैसे नामचीन तेज गेंदबाज नमन तिवारी के गुरु की लिस्ट में शुमार हुए? गुरु मतलब जिनसे आप कुछ सीखते हैं. वर्ल्ड क्रिकेट में तेज गेंदबाजी के 5 महारथियों से नमन तिवारी ने वही सीख लेने की कोशिश की है. अब ऐसा कैसे किया, वो जानिए.

नमन लेफ्ट आर्म पेसर हैं और ट्रेंट बोल्ट को फॉलो करते हैं. इसका खुलासा उन्होंने क्रिकइंफो को दिए इंटरव्यू में किया था. अब जिसे फॉलो करते हैं उससे कुछ सीखते तो हैं ही. उसी इंटरव्यू में नमन ने बोल्ट से अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि उनकी मुलाकात RR के नेट्स पर हुई थी. पहली बार जब वो बोल्ट से मिले तो बात करने में हिचकिचा रहे थे. तब नेट्स पर उनकी गेंदबाजी देखने के बाद बोल्ट ने खुद आकर उनसे बात की थी.

ट्रेंट बोल्ट की तरह नमन तिवारी ने मिचेल स्टार्क को भी अपना हीरो बताया है. उन्होंने कहा कि RR से जब वो बतौर नेट बॉलर जुड़े थे तभी उन्होंने लसिथ मलिंगा से यॉर्कर के गुर सीखे थे. जसप्रीत बुमराह से गेंदबाजी के टिप्स लेने का मौका नमन को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मिला था. बुमराह से भी उन्होंने यॉर्कर और स्पीड के पाठ पढ़े.

नमन तिवारी IPL में LSG के भी नेट बॉलर रहे हैं. उसी दौरान उनकी मुलाकात जहीर खान से हुई थी, जो कि तब उस टीम के बॉलिंग कोच थे. नमन तिवारी ने क्रिकइंफो को दिए इंटरव्यू में बताया कि ज़हीर सर ने उन्हें इनस्विंग फेंकने का तरीका समझाया.

परिवार पर मुसीबत टूटी तो क्रिकेट की सूझी

अब सवाल है कि नमन तिवारी हैं कौन? 20 साल के तेज गेंदबाज यूपी के देवरिया से आते हैं. लेकिन, बेटे को क्रिकेट की अच्छी सुविधाएं मिले, इसके लिए उनके पिता देवरिया से लखनऊ के गोमती नगर शिफ्ट हो गए. शुरू-शुरू में तो नमन क्रिकेट को सिरियसली ले ही नहीं रहे थे. क्रिकेट में उन्होंने दिल लगाना शुरू किया अपने पिता को हार्ट अटैक आने के बाद. परिवार पर मंडराई उस मुसीबत ने नमन को अपना करियर बनाने को लेकर सचेत किया और अब वो देश के एक उभरते हुए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के तौर पर अपनी पहचान बनाते दिख रहे हैं.

Leave a Comment