बाबर आजम ने इंटरनेशनल क्रिकेट में हासिल की बड़ी उपलब्धि, रनों के मामले में दिग्गजों की लिस्ट में हुई एंट्री

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी में वनडे ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में बाबर ने 16 हजार इंटरनेशनल रन पूरे करने का रिकॉर्ड बना दिया है।

वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट को मिलाकर इस आंकड़े तक पहुंचने वाले पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के चार दिग्गज खिलाड़ी यह मुकाम हासिल कर चुके हैं।

बाबर ने यह उपलब्धि अपनी पारी की शुरुआत में ही हासिल कर ली थी। उन्हें 16 हजार रन पूरे करने के लिए सिर्फ सात रन की जरूरत थी। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने 399 पारियां खेलीं। पाकिस्तान के बल्लेबाजों में उनसे कम पारियों में यह उपलब्धि सिर्फ मोहम्मद यूसुफ और जावेद मियांदाद ने हासिल की थी।

पाकिस्तान के दिग्गजों के क्लब में शामिल हुए बाबर

16 हजार इंटरनेशनल रन बनाने वाले पाकिस्तान के बल्लेबाजों की सूची में बाबर अब मोहम्मद यूसुफ, जावेद मियांदाद, इंजमाम-उल-हक और यूनिस खान के साथ शामिल हो गए हैं। मोहम्मद यूसुफ ने 388 पारियों में 16 हजार रन पूरे किए थे, जबकि जावेद मियांदाद ने 398 पारियां ली थीं। बाबर ने 399वीं पारी में यह आंकड़ा छुआ। इस तरह वह मियांदाद से सिर्फ एक पारी पीछे रहे, जबकि यूसुफ के मुकाबले उन्हें 11 पारियां ज्यादा लगीं।

फिफ्टी से चूके बाबर, सलमान आगा का शतक

बाबर अपनी पारी को अर्धशतक में नहीं बदल सके। वह 57 गेंदों पर 45 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में छह चौके शामिल रहे। ईशान मलिंगा ने उन्हें पवेलियन भेजा।

सलमान आगा का बल्ला जमकर चला और उन्होंने तूफानी अंदाज में खेलते हुए एक तेज शतक जमाकर धमाका कर दिया। सलमान अली आगा ने 90 गेंदों का सामना करते हुए 107 रनों की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और 1 शानदार छक्का जमाया। पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तानी टीम अंतिम ओवर में 305 के कुल स्कोर पर ऑल आउट हो गई।

Leave a Comment