बल्ले से नहीं चले तो गेंद से बरपाया कहर, 4 गेंदों में चटकाए 2 विकेट… वैभव ने दलीप ट्रॉफी में किया कमाल

Vaibhav Sooryavanshi Bowling: दलीप ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी भले ही बल्ले से अपनी छाप छोड़ने में कामयाब नहीं रहे, लेकिन गेंद हाथ में आते ही उन्होंने कमाल कर दिया. बेंगलुरु में खेले जा रहे ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वैभव ने अपनी गेंदबाजी से टीम को बड़ी बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

फॉलोऑन खेल रही नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी में उन्होंने महज कुछ गेंदों के अंतर पर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया.

 

4 गेंदों के अंदर वैभव ने किया बड़ा कमाल

नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी के 28वें ओवर में वैभव सूर्यवंशी गेंदबाजी करने आए और देखते ही देखते मैच में अपना असर छोड़ दिया. उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर किशन लिंगदोह को आउट किया. इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर इमलीवती लेमतूर को अपना दूसरा शिकार बनाया. इस तरह वैभव ने सिर्फ चार गेंदों के भीतर दो विकेट हासिल कर नॉर्थ ईस्ट जोन की मुश्किलें और बढ़ा दीं. दूसरी पारी में उन्होंने कुल 3 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 11 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए.

बल्ले के बाद गेंद से दिखाया दम

वैभव सूर्यवंशी से दलीप ट्रॉफी में बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह उस उम्मीद पर खरे नहीं उतर सके. हालांकि, उन्होंने गेंदबाजी में अपनी उपयोगिता साबित कर दी. पहली पारी में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की थी, लेकिन दूसरी पारी में कप्तान ने उन्हें गेंद थमाई और वैभव ने मिले मौके को दोनों हाथों से भुनाया. उनके दो तेज विकेटों ने नॉर्थ ईस्ट जोन पर दबाव और बढ़ा दिया है. टीम पहले ही फॉलोऑन खेलने को मजबूर है और अब उसके सामने पारी से हार का खतरा मंडरा रहा है.

ईस्ट जोन ने पहली पारी में बनाया बड़ा स्कोर

मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 467 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए सुदीप कुमार घरामी और शाहबाज अहमद ने शानदार शतकीय पारियां खेलीं. दोनों बल्लेबाजों के शतकों ने ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. इसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी महज 111 रन पर सिमट गई. बड़े अंतर से पिछड़ने के कारण उसे फॉलोऑन खेलना पड़ा.

पारी से जीत की ओर बढ़ रहा ईस्ट जोन

फॉलोऑन के बाद भी नॉर्थ ईस्ट जोन की स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं दिखा. दूसरी पारी में भी लगातार विकेट गिरने से टीम पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा है. ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के दो विकेट ईस्ट जोन के लिए काफी अहम साबित हुए हैं.

 

Leave a Comment