पाकिस्तान के अनुभवी सलामी बल्लेबाज फखर जमान ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे T20 इंटरनेशनल मुकाबले में भले ही बड़ी पारी नहीं खेली, लेकिन अपनी छोटी सी पारी में इतिहास रच दिया। फखर जमान ने T20I क्रिकेट में पाकिस्तान की ओर से छक्कों का सैकड़ा जड़ते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
दरअसल, फखर जमान मेन्स T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पाकिस्तान के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि, फखर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बावजूद पाकिस्तान को मैच में हार का सामना करना पड़ा। श्रीलंका ने कप्तान कुसल मेंडिस की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 8 विकेट से जीत दर्ज की और मेजबान टीम को सीरीज में क्लीन स्वीप करने से रोक दिया।
रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी T20I मुकाबले में उतरने से पहले फखर के नाम 99 छक्के थे। उन्हें इस खास मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ एक छक्के की जरूरत थी। उन्होंने श्रीलंका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बिनुरा फर्नांडो की गेंद पर छक्का जड़कर अपने 100 छक्के पूरे किए। फखर ने अपने T20 इंटरनेशनल करियर की 113वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि, वह ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके।
T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज
- फखर जमान – 100
- मोहम्मद रिजवान – 95
- साहिबजादा फरहान – 81
- बाबर आजम – 80
- मोहम्मद हफीज – 76
कप्तान ने संभाली पाकिस्तान की पारी
पाकिस्तान ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर तीन मैचों की सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली थी। ऐसे में उसकी नजर आखिरी मैच जीतकर श्रीलंका का सूपड़ा साफ करने पर थी। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उसके लिए सही साबित हुआ। पाकिस्तान के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे और टीम एक समय छह विकेट पर 102 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी।
कप्तान साहिबजादा फरहान ने एक छोर संभालते हुए 47 गेंदों पर 76 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इसके बाद युवा ऑलराउंडर अराफात मिन्हास ने तेजी से रन जुटाए। उन्होंने 20 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाकर पाकिस्तान को 20 ओवर में आठ विकेट पर 168 रन तक पहुंचाया। श्रीलंका की ओर से दसुन शनाका सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 21 रन देकर तीन विकेट झटके।
कुसल मेंडिस ने छीन ली पाकिस्तान से जीत
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान कुसल मेंडिस ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और 48 गेंदों पर नाबाद 87 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी ने श्रीलंका की जीत आसान कर दी। मेंडिस ने कामिंदु मेंडिस के साथ तीसरे विकेट के लिए नाबाद 98 रन की साझेदारी की। श्रीलंका ने 17.1 ओवर में दो विकेट खोकर 172 रन बना लिए और आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मेहमान टीम ने 17 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने सीरीज का अंत जीत के साथ किया और पाकिस्तान को क्लीन स्वीप करने से रोक दिया। हालांकि, पाकिस्तान ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतने के कारण तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। पाकिस्तान ने पहला T20I चार विकेट और दूसरा मुकाबला 82 रन से जीता था।