Pakistan New Captain: पाकिस्तान क्रिकेट में कप्तानों की अदला-बदली का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी तीन मैचों की घरेलू टी20 सीरीज और इंग्लैंड-श्रीलंका के साथ होने वाली वनडे ट्राई सीरीज के लिए टीमों का ऐलान करते हुए बड़ा फैसला लिया है.
पीसीबी ने सलमान अली आगा को टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया है. बोर्ड ने न सिर्फ उनसे कप्तानी वापस ली, बल्कि उन्हें 15 सदस्यीय टी20 स्क्वॉड से भी पूरी तरह बाहर का रास्ता दिखा दिया है.
किसने ली सलमान आगा की जगह?
सलमान आगा की जगह हाल ही में एशियन गेम्स में पाकिस्तानी टीम की अगुवाई करने वाले दाएं हाथ के ओपनर साहिबजादा फरहान को टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है. वहीं, वनडे फॉर्मेट में बाएं हाथ के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी अपनी कप्तानी बरकरार रखेंगे. सलमान आगा को पिछले साल ही पाकिस्तान ने टी20 टीम की कमान सौंपी थी. लेकिन उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. वहीं, साहिबजादा फरहान की कप्तानी में टीम ने हाल ही में एशियन गेम्स का सिल्वर मेडल जीता है, जो इस फैसले की बड़ी वजह माना जा रहा है. सलमान अली आगा को टी20 से बाहर किए जाने के बावजूद 16 सदस्यीय वनडे टीम में जगह दी गई है.
बता दें, श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के सभी मुकाबले रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. पहला मैच 9 अक्टूबर, दूसरा 11 अक्टूबर और तीसरा मैच 13 अक्टूबर को होगा. टी20 सीरीज के खत्म होने के बाद पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच कुल सात मैचों की वनडे ट्राई सीरीज खेली जाएगी. इसके शुरुआती तीन मैच रावलपिंडी में होंगे, जिसके बाद बाकी लीग मैच और फाइनल मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा.
श्रीलंका और वनडे ट्राई-सीरीज के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड
T20I टीम: साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमां, हसन नवाज, मुहम्मद इमरान रंधावा, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), माज सदाकत, नसीम शाह, रजाउल्लाह, सैम अयूब, मोहम्मद सलमान मिर्जा, शादाब खान और सुफियान मोकिम.
ODI टीम: शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, सलमान अली आगा, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, मुहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), हारिस रऊफ, हसन नवाज, नसीम शाह, रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सैम अयूब, शादाब खान और सुफियान मोकिम.