पाकिस्तान के नए कप्तान बने साहिबजादा फरहान, बोले- उत्साहित हूं, मगर मुझ पर दबाव भी है

साहिबजादा फरहान अब पाकिस्तान की टी20 टीम के फुलटाइम कैप्टन बना दिए गए हैं। एशियन गेम्स 2026 में भी वे टीम के कप्तान थे, जहां उन्हें फाइनल में भारत से हार मिली थी। एशियन गेम्स के लिए पाकिस्तान की प्रमुख टीम नहीं गई थी, लेकिन अब उन्हें मुख्य टीम दे दी गई और आधिकारिक तौर पर इस बात की घोषणा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से कर दी गई है कि वे सलमान अली आगा को कप्तान के तौर पर रिप्लेस करेंगे।

इसको लेकर फरहान ने कहा है कि वह इसके लिए उत्साहित हैं, लेकिन दबाव भी महसूस कर रहे हैं।

श्रीलंका के खिलाफ पहले T20I से एक दिन पहले मीडिया से बात करते हुए साहिबजादा फरहान ने कहा, “पहली बार किसी घरेलू सीरीज में पाकिस्तान की कप्तानी करना सम्मान की बात है। मैं इस नई चुनौती के लिए बहुत उत्साहित हूं।” हालांकि, उन्होंने इस बात को भी माना कि कप्तानी से प्रेशर आता है। उन्होंने कहा, “जाहिर है, कप्तानी का प्रेशर होता है, क्योंकि आप टीम को लीड कर रहे होते हैं और आपको एक अलग माइंडसेट दिखाना होता है। मैंने पहले भी डोमेस्टिक क्रिकेट में कप्तानी की है, इसलिए मेरे पास टीम को लीड करने का आइडिया है।”

फरहान ने कहा है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे पाकिस्तान की टीम के कप्तान भी बनेंगे। उन्होंने कहा, ”मैंने कभी खुद को पाकिस्तान का कप्तान बनते हुए नहीं सोचा था।” अपने पिता की दुआओं को याद करते हुए फरहान ने कहा, ”माता-पिता की दुआएं वाकई में सच होती हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जो टीम इस सीरीज के लिए चुनी है। उस पर कप्तान को भरोसा है। कप्तान फरहान ने कहा, “मुझे मौजूदा टीम में चुने गए खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है। सीनियर खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुझे मैदान पर बहुत मदद मिलेगी।”

हम अलग माइंडसेट दिखाना चाहते हैं- फरहान

नए-नए कप्तान बने फरहान चाहते हैं कि पाकिस्तान की टीम टी20 क्रिकेट में अटैकिंग क्रिकेट खेले। कप्तान ने कहा है, “हम T20 माइंडसेट दिखाना चाहते हैं। अगर आप हमारे टॉप ऑर्डर को देखें, जिसमें फखर जमान, माज़ सदाकत और हसन नवाज़ शामिल हैं, तो उनका खेलने का स्टाइल मेरे जैसा ही है। मुझे वह टीम मिल गई है जो मैं चाहता था।” पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज 9 अक्टूबर से शुरू हो रही है, जिसका दूसरा मैच 11 अक्टूबर और तीसरा मैच 13 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच रावलपिंडी में आयोजित होंगे।

Leave a Comment