श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के दौरे पर खेली जाने वाली 3 मैचों की टी20आई सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। श्रीलंका क्रिकेट ने 15 सदस्यी टीम का चयन अगले सप्ताह से शुरू होने वाली टी20 सीरीज के लिए किया है, जिसकी कप्तानी कुसल मेंडिस को सौंपी गई है, जो काफी समय से टीम के कप्तान हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ ये सीरीज श्रीलंका को 9 अक्टूबर से खेलनी है, जो 13 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगी। 5 दिन के भीतर तीन मैच खेले जाएंगे।
कुसल मेंडिस पाकिस्तान दौरे पर जाने वाली श्रीलंका की टीम के बैटिंग ग्रुप के हेड हैं, जिसमें कामिल मिशारा, सिनेत जयवर्धने, लाहिरू उदारा, सहन अराचिगे, कामिंदु मेंडिस और दसुन शनाका शामिल हैं। चमिंदु विक्रमसिंघे इसमें गहराई जोड़ेंगे। श्रीलंका की टीम हाल ही में इंग्लैंड के दौरे पर गई थी, जहां कप्तान कुसल मेंडिस शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने तीन मैचों में 198 रन बनाए, जिसमें दूसरे ODI में उनके बल्ले से शतक आया था। 121 रनों की पारी उन्होंने खेली थी, जो उनका इस फॉर्मेट में बेस्ट स्कोर भी है।
सहान अराचिगे, सिनेत जयवर्धने और विजयकांत व्यासकांत श्रीलंका के लिए एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा ले रहे हैं। वे 3 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ ब्रॉन्ज मेडल मैच में उतरेंगे। श्रीलंका को सेमीफाइनल मैच में भारत से हार मिली थी, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सेमीफाइनल में हराया था। दुनित वेल्लालगे, महेश थीक्षणा और व्यासकांत के रूप में श्रीलंका के पास स्पिन ऑप्शन हैं, जबकि दुश्मांता चमीरा, बिनूरा फर्नांडो, नुवान तुषारा और ईशान मलिंगा पेस अटैक की जिम्मेदारी संभालेंगे। पथुम निसंका और वानिंदु हसरंगा इस दौरे पर नहीं जाएंगे, क्योंकि वे चोट के कारण टीम से बाहर हैं।
श्रीलंका की T20I टीम पाकिस्तान टूर के लिए इस प्रकार है
कुसल मेंडिस (कप्तान), कामिल मिशारा, सिनेथ जयवर्धने, लाहिरू उदारा, सहान अराचिगे, कामिंडू मेंडिस, दासुन शनाका, चामिंडू विक्रमसिंघे, दुनिथ वेल्लालेगे, महेश थीक्षाना, विजयकांत व्यासकांथ, दुष्मंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा और ईशान मलिंगा।
श्रीलंका बनाम पाकिस्तान T20I शेड्यूल
पहला T20I: 9 अक्टूबर
दूसरा T20I: 11 अक्टूबर
तीसरा T20I: 13 अक्टूबर
*T20 सीरीज के सभी मैच रावलपिंडी में होंगे
पाकिस्तान के लिए होम सीजन शुरू हो रहा है, जहां वे सबसे पहले श्रीलंका से भिड़ेंगे और फिर इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान आएगी। ट्राई सीरीज भी पाकिस्तान खेलने वाला था, लेकिन उस पर अभी के लिए संकट है, क्योंकि जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान आने से मना कर दिया है। पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज भी घर पर खेलनी है, जो डब्ल्यूटीसी का हिस्सा होगी।