पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना की एक हरकत आईसीसी को रास नहीं आई। यही वजह है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने फातिमा को कड़ी सजा दी है। वुमेंस एशिया कप 2026 के लीग मैच में टीम इंडिया की ओपनर शेफाली वर्मा के लिए उन्होंने एक ऐसा इशारा किया था, जो क्रिकेट की लॉ बुक के हिसाब से सही नहीं था।
यही कारण है कि उनकी मैच फीस काटी गई और साथ में उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है, जो पिछले दो साल में उनके लिए दूसरा पॉइंट है।
दरअसल, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना की इसलिए 10 फीसदी मैच फीस काटी गई है, क्योंकि उन्हें आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का दोषी पाया गया है। शनिवार को दुबई में इंडिया के खिलाफ हुए मैच में उन्होंने आईसीसी के आर्टिकल 2.5 को भी ब्रीच किया, जो ‘ऐसी भाषा, ऐक्शन या हाव-भाव का प्रयोग करना, जो अपमानजनक हो या जिससे आउट होने पर बल्लेबाज में आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती हो।’ से संबंधित है।
क्या था फातिमा और शेफाली से जुड़ा पूरा मामला?
इस मैच में टीम इंडिया की गेंदबाजों ने पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर ऑल आउट कर दिया था। इसके बाद मैच का नतीजा आधिकारिक तौर पर ही निकलना था, क्योंकि 56 रनों का टारगेट ही टीम इंडिया के सामने था। हालांकि, अच्छी बात पाकिस्तान के लिए यह रही कि कप्तान फातिमा सना ने अकेले 3 विकेट भारत के खिलाफ इस मैच में चटकाए। भारत ने मैच को 7 विकेट से जीता। इसी मैच में रन चेज के दौरान शेफाली वर्मा ने टीम को तेज शुरुआत दिलाने की कोशिश की, लेकिन छठी गेंद पर बॉलर की तरफ कैच थमा बैठीं।
उधर, कैच लेने के बाद, फातिमा ने शेफाली के लिए पवेलियन की तरफ जाने का इशारा किया। क्रिकेट के नियमों के अनुसार ये इशारा गलत था। मैच के बाद फातिमा ने भी अपनी गलती मान ली और ICC एलीट पेनल के मैच रेफरी सुप्रिया दास द्वारा बताई गई सजाओं को भी स्वीकार कर लिया। लेवल 1 के उल्लंघन पर कम से कम ऑफिशियल फटकार, ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 परसेंट जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट्स लगते हैं। इस केस में 10 फीसदी मैच फीस और एक डिमेरिट पॉइंट उन्हें मिला है। जाहिर है कि आगे कभी भी इंटरनेशनल क्रिकेट में वह इस तरह का इशारा किसी भी बल्लेबाज को आउट करने के बाद नहीं करेंगी।