भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के दौरान बल्लेबाजी में जहां विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल और शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला तो वहीं बुमराह की अनुपस्थिति में कुलदीप यादव ने गेंदबाजी का नेतृत्व किया।
कुलदीप इस सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज थे। 3 मैच की इस सीरीज में कुलदीप यादव ने एक फोर-फर सहित 7 विकेट चटकाए। तिरुवनंतपुरम वनडे में उन्होंने 40 रन देकर 4 विकेट चटकाए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। अब कुलदीप की इस मेहनत को ड्रेसिंग रूम में सराहा गया है।
बीसीसीआई ने किया कुलदीप का सम्मान
बीसीसीआई ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में फीजियोथेरेपिस्ट योगेश परमार कुलदीप की तारीफ करते नजर आ रहे हैं और उन्हें खास मेडल से सम्मानित कर रहे हैं। कुलदीप को यह सम्मान इंपेक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज, वनडे में 200 विकेट पूरे करने और सबसे सफल गेंदबाज होने पर दिया गया। कुलदीप इस फॉर्मेट में सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले भारत के स्पिन गेंदबाज बने।
मेडल लेने के बाद कुलदीप ने विराट, रोहित, शुभमन और केएल राहुल का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा कि यह अवॉर्ड मेरे लिए काफी मायने रखता है। इसका श्रेय उन्होंने त्रिवेंद्रम में हुए प्रैक्टिस सेशन को दिया। अपनी गेंदबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि वह इस रिदम को आगे भी बरकरार रखेंगे।
भारत ने 2-1 से जीता सीरीज
भारत ने 3 मैच की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारत ने पहला और दूसरा मुकाबला 8 विकेट से जीता था, लेकिन तीसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने वापसी की और इस फॉर्मेट में सबसे बड़ी जीत हासिल की। वेस्टइंडीज ने इस मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए 352 रन बनाए। इस जीत के हीरो रहे शे होप जिन्होंने 162 रन की नाबाद पारी खेली। भारत के खिलाफ चेज करते हुए यह किसी भी बल्लेबाज का सर्वाधिक व्यक्तिगक स्कोर है।