टेस्ट क्रिकेट में पिच का मिजाज मैच का रुख तय करने में अहम भूमिका निभाता है, लेकिन पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बाजिद खान ने अब पिच तैयार करने को लेकर एक ऐसा दावा किया है, जिसने नई बहस छेड़ दी है।
उनका आरोप है कि भारत जब इंग्लैंड जैसे देशों के दौरे पर जाता है तो जानबूझकर ऐसी पिच तैयार की जाती है, जिस पर टेस्ट मैच पूरे पांच दिन तक चले।
बाजिद खान के मुताबिक, इसके पीछे क्रिकेट से ज्यादा आर्थिक वजह होती है, क्योंकि भारत के दौरे को बोर्ड के लिए बड़ी कमाई का मौका माना जाता है। बाजिद खान ने यह टिप्पणी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के प्रदर्शन में आई गिरावट पर चर्चा के दौरान की। पाकिस्तान की टीम इस समय इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से पीछे है। सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच नौ सितंबर से बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाना है।
मौजूदा दौर के खिलाड़ियों में तेज गेंदबाजी के गिरते स्तर पर बात करते हुए बाजिद ने पिचों को लेकर यह दावा किया। बाजिद खान ने कहा, ”जब भारत टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड जाता है तो उसे ऐसी पिचें मिलती हैं, जो मैच को पूरे पांच दिन तक चलाती हैं। भारत के साथ हर टेस्ट मैच पांच दिन चलता है। ऐसा क्यों है? क्योंकि अगर मैच जल्दी खत्म हो जाता है तो बोर्ड को आर्थिक नुकसान होगा।”
बाजिद खान ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, ”दूसरी कोई टीम इंग्लैंड जाती है तो टेस्ट तीन दिन में खत्म हो जाता है। ऐसा नहीं है कि पिच की प्रकृति बदल गई। आप भारत के मैचों के लिए पिच इस तरह तैयार करते हैं कि खेल पांच दिन तक चले।” बाजिद ने दावा किया कि ऐसा सिर्फ इंग्लैंड में ही नहीं, बल्कि हर जगह होता है। बाजिद खान ने कहा, ”जब भारत दौरे पर आता है तो यह कमाई का मौका होता है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को इस मामले की जांच करनी चाहिए तब बाजिद खान ने कहा, ”यह आईसीसी का मामला नहीं है। ये द्विपक्षीय दौरे हैं।” भारत का पिछला टेस्ट दौरा इंग्लैंड में साल 2025 में हुआ था। पांच मैचों की वह सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई थी और पांचों टेस्ट मैच कुल 25 दिन तक चले थे।
वहीं, पाकिस्तान का हेडिंग्ले टेस्ट तीन दिन में ही समाप्त हो गया था। इंग्लैंड ने इस मैच में पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराया था। लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने चौथे दिन ही 194 रन से जीत दर्ज की। इस टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड ने पाकिस्तान को सिर्फ 110 रन पर समेटने के बाद उसी दिन दोबारा बल्लेबाजी की थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ U19 सीरीज से पहले आर्यन सावसानी और तनमय बलोदा की भारतीय टीम में एंट्री, उम्र विवाद में फंसे रोहित यादव बाहर
ऑस्ट्रेलिया U19 के खिलाफ सीरीज से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। उम्र संबंधी गड़बड़ी के कारण रोहित यादव को बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह आर्यन सावसानी को वनडे और तनमय बलोदा को मल्टी-डे टीम में शामिल किया गया है। टीम में आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ भी शामिल हैं।