मुख्य कोच गौतम गंभीर का कार्यकाल भले ही भारतीय टीम के साथ 2027 वनडे विश्व कप तक हो लेकिन आईपीएल की कई फ्रेंचाइजी अभी से उन पर डोरे डालने में जुटी हैं।
सूत्रों के मुताबिक चार आईपीएल फ्रेंचाइजी गौतम गंभीर के साथ मेंटर के तौर पर जुड़ने को लेकर चर्चा कर चुकी हैं।
गंभीर फिलहाल न्यूजीलैंड में भारतीय टीम के साथ हैं। भारतीय टीम न्यूजीलैंड के विरुद्ध पांच टी-20 मैचों की सीरीज में 3-0 से आगे है। लखनऊ सुपरजायंट्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के मेंटर रह चुके गंभीर ने 2024 आईपीएल में केकेआर को चैंपियन बनाने के बाद भारतीय टीम का कोच पद ग्रहण किया था।
अपनी रणनीति और टीम को खिताब तक पहुंचाने की क्षमता के लिए पहचान बनाने वाले गंभीर को आईपीएल 2028 सत्र से पहले चार फ्रेंचाइजियां अपने साथ जोड़ना चाहती हैं। हालांकि अभी ये पता नहीं है कि बीसीसीआई 2027 के बाद उनका कार्यकाल 2028 में होने वाले ओलंपिक तक बढ़ाएगा या नहीं। अगर उनका करार बढ़ता है तो आईपीएल फ्रेंचाइजियों को और इंतजार करना पड़ सकता है।
सूत्रों के मुताबिक उनकी पुरानी टीम केकेआर के अलावा कुछ समय पहले राजस्थान रॉयल्स के प्रबंधन से उनकी बात हुई थी। इसके अलावा दो अन्य फ्रेंचाइजियों ने भी उन्हें 2028 सत्र के लिए मेंटर या कोच की जिम्मेदारी सौंपने की इच्छा जताई है। इनमें एक आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल है, जबकि दूसरी अब तक अपने पहले खिताब का इंतजार कर रही है।
गंभीर के आलोचक भी उन्हें सफेद गेंद का सबसे अच्छा कोच मानते हैं। उनकी कोचिंग में भारतीय टीम ने टी-20 में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम ने इस साल टी-20 विश्व कप और एशिया कप का खिताब जीता, जबकि 2024 से श्रीलंका (3-0), बांग्लादेश (3-0), दक्षिण अफ्रीका (3-1), इंग्लैंड (4-1), आस्ट्रेलिया (2-1) और न्यूजीलैंड (4-1) के विरुद्ध सीरीज जीती है। इसके अलावा न्यूजीलैंड के विरुद्ध मौजूदा पांच मैचों की सीरीज में टीम 3-0 से आगे है। राष्ट्रीय टीम के साथ ही आईपीएल में गंभीर का रिकॉर्ड अच्छा ही माना जाता रहा है।
गौतम गंभीर को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2022 और 2023 में मेंटर बनाया था और दोनों ही बार नई नवेली फ्रेंचाइजी ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था। इसके बाद गंभीर और लखनऊ के रास्ते अलग हुए और उनकी फिर से केकेआर की टीम में वापसी हुई थी। खुद केकेआर के सहमालिक शाह रुख खान ने निजी तौर पर उन्हें अपने घर मन्नत पर बुलाया था और मेंटर बनने का आग्रह किया था।
गंभीर के आने के बाद ही केकेआर की किस्मत भी पलटी और टीम ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 10 साल बाद फिर से आईपीएल ट्रॉफी जीती। टीम 14 में से नौ मैच जीतकर शीर्ष स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई थी। इस दौरान गंभीर की रणनीति की भी काफी तारीफ हुई थी। गंभीर के हटने के बाद केकेआर अगले दो साल आईपीएल में सातवें व आठवें नंबर पर रही। दोनों बार टीम क्वालीफाई नहीं कर पाई।
लखनऊ के मेंटर के तौर पर हटने के बाद सुपरजायंट्स 2024, 2025 में सातवें और 2026 में 10वें नंबर पर रही। अब अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिंबाब्वे और नामीबिया में होने वाले वनडे विश्व कप के बाद गंभीर आईपीएल में फिर मेंटर के तौर पर वापसी कर सकते हैं। ऐसे में चार टीमें इस पूर्व बल्लेबाज को अपने साथ जोड़ने को लेकर बात कर रही हैं। इनमें से कुछ टीमें नए सिरे से अपना कोचिंग स्टाफ बनाने में जुटी हैं और गंभीर को मेंटर की भूमिका देना चाहती हैं।