टीम इंडिया के जापान रवाना होने में आई रुकावट! किट की परेशानी ने खड़ी की बड़ी मुसीबत

भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार की सुबह एशियन गेम्स-2026 के लिए जापान रवाना होना है, लेकिन इसमें देरी की संभावना को नकारा नहीं जा सकता है। इसका कारण है टीम इंडिया की जर्सी की समस्या।

अभी तक टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को अपनी सही साइज की जर्सी नहीं मिली है और यही कारण है कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इस टीम के रवाना होने में देरी हो सकती है।

भारत ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली थी जिसमें 3-0 से जीत हासिल की थी। इसके बाद उसे जापान निकलना था जहां आइची-नागोया में एशियन गेम्स खेले जा रहे हैं। टीम इंडिया यहां अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरेगी जो उसने पिछली बार जीता था।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जर्सी के साइज की समस्या को लेकर बीसीसीआई ने जेएसडब्ल्यू से लगातार बात की थी। इसमें से कई खिलाड़ियों की समस्या खत्म हो गई है और उन्हें सही नंबर की जर्सी मिल गई है, लेकिन अभी भी कुछ खिलाड़ियों को सही नंबर की जर्सी नहीं मिली है जिससे टीम के रवाना होने में देरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। टीम को रविवार की सुबह जापान के लिए निकलना है, देखना होगा कि टीम सही समय पर निकल पाती है या नहीं।

भारत को जापान में दो जर्सी पहननी हैं क्योंकि उसे एक मैच जापान की टीम के खिलाफ खेलना है जो एशियन गेम्स का हिस्सा नहीं होगा। इस मैच में भारतीय टीम अपनी नियमित जर्सी पहनेगी। इसके बाद 28 सितंबर से वह एशियन गेम्स के मुकाबले खेलेगी जिसमें दूसरी जर्सी पहनेगी। इस जर्सी को जेएसडब्ल्यू देगा जो भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) का स्पांसर है।

ये पहला मामला नहीं है जहां किट के कारण खिलाड़ी को परेशानी हुई है। किट में देरी के कारण ही तेजिंदरपाल सिंह तूर समय से जापान नहीं पहुंच पाएंगे जिसके चलते भारत को अपना ध्वजवाहक बदलना पड़ा है। ओपनिंग सेरेमनी में तूर और मनु भाकेर को ये जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन तूर को आधिकारिक किट नहीं मिली है जिसके चलते वह समय से जापान नहीं पहुंच पाएंगे। ऐन मौके पर उनकी जगह कब्ड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत का नाम फाइनल किया गया है।

Leave a Comment