टीम इंडिया के चयन पैनल में बड़ा फेरबदल, प्रज्ञान ओझा बने मुख्य चयनकर्ता, रमेश पोवार की भी एंट्री

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सोमवार को पुरुष चयन समिति का नया ऐलान कर दिया। पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का नया अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अजीत अगरकर के हटने के बाद खाली हुई जगह पर पूर्व ऑलराउंडर रमेश पवार को पैनल में शामिल किया गया है।

इस फैसले के साथ ही चयन समिति के अध्यक्ष को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया। बोर्ड ने टेस्ट मैचों में सीनियोरिटी के आधार पर ओझा को यह बड़ी जिम्मेदारी दी है।

पांच सदस्यीय पैनल हुआ पूरा

नई चयन समिति में प्रज्ञान ओझा के साथ शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पवार शामिल हैं। पवार की नियुक्ति क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) की प्रक्रिया के बाद हुई है। सीएसी में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल हैं, जिन्होंने बीसीसीआई मुख्यालय में सभी आवेदकों के इंटरव्यू लेने के बाद सर्वसम्मति से पवार के नाम की सिफारिश की।

 

 

ओझा क्यों बने चीफ सेलेक्टर?

अगरकर के जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि चेयरमैन कौन बनेगा। रेस में पूर्व ओपनर वसीम जाफर का नाम भी था। जाफर ने 31 टेस्ट खेले हैं, जबकि ओझा ने 24 टेस्ट खेले हैं। बीसीसीआई की नीति टेस्ट सीनियोरिटी को लेकर है, ऐसे में चेयरमैन का पद अहम बन गया था। आखिरकार बोर्ड ने ओझा के नाम पर मुहर लगा दी। प्रज्ञान ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी-20 मैच खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 113 विकेट लिए और लंबे समय तक भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा रहे।

रमेश पवार का अनुभव आएगा काम

रमेश पवार ने भारत के लिए 2 टेस्ट और 31 वनडे खेले हैं। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने कोचिंग में अपना करियर बनाया। वह भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं, उनकी कोचिंग में टीम ने एशिया कप जीता और कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल हासिल किया। इसके अलावा वह मुंबई, गुजरात और बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बॉलिंग कोच की भूमिका निभा चुके हैं। उनका यह अनुभव चयन समिति के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

अजीत अगरकर के कार्यकाल को BCCI ने सराहा

बीसीसीआई ने पूर्व चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के योगदान की भी तारीफ की। अगरकर जुलाई 2023 में अध्यक्ष बने थे और उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने 3 ICC ट्रॉफी, 2 एशिया कप और लगातार दो एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीते। ओझा के अध्यक्ष बनने और पवार के जुड़ने के साथ ही अब पुरुष टीम की चयन समिति पूरी हो गई है, जो सभी फॉर्मेट में टीम इंडिया के चयन के लिए जिम्मेदार होगी।

Leave a Comment