दीपक चाहर मैदान पर ट्रेनिंग कर रहे थे और इसी दौरान उनके पीठ पीछे कुछ ऐसा हो गया जिसकी उम्मीद उन्होंने ना की होगी. दरअसल दीपक चाहर के तीन बल्ले मैदान से चोरी हो गए. दीपक चाहर के पास एसएस कंपनी के बैट थे.
ये प्लेयर एडिशन बैट थे जिनकी कीमत काफी ज्यादा होती है. दीपक चाहर ने जब अपने बैट गायब देखे तो उन्होंने एक वीडियो बनाकर फैंस से पूछा कि अब उन्हें क्या करना चाहिए? दीपक चाहर ने यहां तक पूछ लिया कि क्या उन्हें पीएम मोदी के पास जाना चाहिए या सीएम योगी के पास?
दीपक चाहर ने बैट चोरी होने के बाद क्या कहा?
दीपक चाहरने बैट चोरी होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा- ‘कल शाम को तीन बैट, प्लेयर एडिशन ग्राउंड से चोरी हो गए. अब आप बताओ मुझे क्या करना चाहिए. जो चोरी कर ले गया है उसे ये नहीं पता कि वो कितने के थे. डेढ़ लाख रुपये के थे तीन बैट. अब वो जाकर बेच देगा उनको, या टेनिस बॉल से खेलेगा. भाई मुझसे ही ले लेता पैसे, मैं दे देता.’
दीपक चाहर ने आगे कहा, ‘मेरे पास कई ऑप्शन हैं. या तो पुलिस को शिकायत करूं, या योगी जी के पास जाऊं या मोदी जी के पास, या सीधे भगवान से शिकायत करूं. जो भी चुरा कर ले गया उसे बुद्धि दे और मेरे बैट दे जाए. मैं पैसे दे दूंगा उसे. या फिर एसएस से रिक्वेस्ट कर और बैट मंगवा लेता हूं.आपको क्या लगता है हमें क्या करना चाहिए.’
टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं चाहर
दीपक चाहर इस वक्त टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. चोट की वजह से उनका करियर काफी प्रभावित रहा. इस खिलाड़ी ने भारत के लिए 13 वनडे मैचों में 16 विकेट हासिल किए, वहीं 25 टी20 में चाहर ने 31 विकेट झटके. चाहर ने वनडे में 33.83 की औसत से 203 रन भी बनाए.अब ये खिलाड़ी आईपीएल में नजर आता है और फिलहाल वो मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं.