हैमिल्टन, एक नवम्बर। टीम इंडिया ने शुरुआती तीनों मैच जीतकर टी20 सीरीज में निर्णायक बढ़त लेने के बाद जो प्रयोग किए, वे एकदम मिसफायर साबित हुए और रविवार को उसे यहां न्यूजीलैंड के सम्रग प्रदर्शन के सामने पांचवें व अंतिम मुकाबले में भी 12 गेंदों के शेष रहते सात विकेट की बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा।
इस प्रकार पांच मैचों की सीरीज में मेहमानों की जीत पर 3-2 पर सीमित रही।
ईशान व श्रेयस के अर्धशतकों से 191 रनों तक पहुंची
सेडन पार्क में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य भारतीय टीम ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ एडम मिल्ने (4-19) की घातक गेंदबाजी के सामने खराब शुरुआत के बाद ईशान किशन (61 रन, 32 गेंद, पांच छक्के, पांच चौके) व कप्तान श्रेयस अय्यर (50 रन, 23 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के अर्धशतकीय प्रयासों से आठ विकेट पर 191 रनों तक पहुंचने में सफल रही।
विस्फोटक साइफर्ट व फिलिप्स के सहारे न्यूजीलैंड की आसान जीत
जवाबी काररवाई में ओपनर टिम साइफर्ट (93 रन, 50 गेंद, पांच छक्के, 11 चौके) ने शुरुआत से रफ्तार पकड़ते हुए न सिर्फ तूफानी पचासा जड़ा वरन डेरिल मिचेल (29 रन, 16 गेंद, चार छक्के) और फिर पूरी सीरीज में भारतीय आक्रमण को बिखेर कर रख देने वाले ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 65 रन, 38 गेंद, तीन छक्के, आठ चौके) का साथ पाकर उन्होंने कीवियों का काम आसान बना दिया, जिन्होंने 18 ओवरों में सिर्फ तीन विकेट पर 195 रन बना लिए।
टिम व डेरिल मिचेल के बीच 42 गेंदों पर 73 रन जुड़ गए
न्यूजीलैंड की शुरुआत भले ही कमजोर रही, जब अर्शदीप सिंह (1-40) ने दूसरे ही ओवर में फिन एलेन को लौटा दिया। लेकिन साइफर्ट ने शुरुआती जीवनदान का फायदा उठाते हुए डेरिल मिचेल संग 42 गेंदों पर 73 रन जोड़ दिए। वरुण चक्रवर्ती (1-45) ने नौवें ओवर में मिचेल का आउट कर यह भागीदारी तोड़ी तो फिलिप्स ‘अंगद के पैर’ की तरह अड़ गए।

साइफर्ट के साथ फिलिप्स ने 42 गेंदों पर ठोके 86 रन
साइफर्ट व फिलिप्स के बीच सिर्फ 42 गेदों पर 86 रनों की एक और तेज साझेदारी आ गई। हालांकि साइफर्ट को उनके शतक से सात रनों की फासले पर नीतीश कुमार रेड्डी (1-19) ने बोल्ड मार दिया। लेकिन पांच मैचों में एक शतक व तीन अर्धशतक सहित 341 रन ठोककर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बने फिलिप्स नहीं रुके और उन्होंने बेवन जैकब्स (नाबाद एक रन) को सामने वाले छोर पर खड़ा रखते हुए भुवनेश्वर पर लगातार दो चौके जड़ते हुए टीम को मंजिल दिला दी।
ओपनरद्वय संजू व अभिषेक लगातार दूसरे मैच में मायूस
इससे पहले भारतीय पारी की बात करें तो दोनों सलामी बल्लेबाज – संजू सैमसन (चार रन) व अभिषेक शर्मा (एक रन) लगातार दूसरे मैच में जल्द लौट गए, जिन्हें एडम मिल्ने ने शुरुआती तीन ओवरों में लौटा दिया। पिछले मैच (ऑकलैंड) में संजू सिर्फ चार रन बनाकर पहले ही ओवर में लौट गए थे और अभिषेक ने 27 रन बनाए थे।
किशन व श्रेयस के बीच 43 गेंदों पर 93 रनों की भागीदारी
हालांकि पिछले मैच में खाता नहीं खोल सके ईशान किशन ने श्रेयस अय्यर संग मिलकर पहले पारी संभाली और त्वरित अर्धशतकीय प्रहारों के बीच सिर्फ 43 गेंदों पर 93 रनों की साझेदारी से गाड़ी पटरी पर लौटा दी। ब्लेयर टिकनेर (2-28) ने 11वें ओवर में ईशान को लौटाकर यह भागीदारी तोड़ी।
स्कोर कार्ड
लगातार दूसरे मैच में पचासा जड़ने वाले अय्यर भी अगले ही ओवर में नैथन स्मिथ (2-28) के शिकार हो गए। इसी गेंदबाज ने तिलक वर्मा (छह रन) की भी जल्द विदाई कर दी (5-133)। खैर, नमन धीर (33 रन, 23 गेंद, एक छक्का, चार चौके) व नीतीश रेड्डी (22 रन, 17 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने 30 गेंदों पर 46 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर प्रदान किया।
ऑकलैंड में 4 नवम्बर को खेला जाएगा पहला एक दिनी
टी20 सीरीज के बाद अब दोनों टीमें पांच मैचों की एक दिनी सीरीज में एक दूसरे से जोर आजमाएंगी। सीरीज का पहला मुकाबला चार नवम्बर को ऑकलैंड में खेला जाएगा और फिर क्रमशः वेलिंगटन (सात नवम्बर), हैमिल्टन (10 नवम्बर) व माउंट मॉनगनुई (13 व 15 नवम्बर) में मुकाबले होंगे। उसके बाद दो टेस्ट मैचों के साथ सीरीज की लगभग सवा माह लंबी सीरीज का समापन होगा