केपटाउन: ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने न्यूलैंड्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 102 रन बनाए। इसी के साथ इंग्लिस इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में एक से अधिक शतक जड़ने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बन गए।
लगभग एक साल बाद टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में वापसी करने वाले इंग्लिस ने पहली पारी में 132 गेंदों पर शतक पूरा किया। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 11 चौके शामिल रहे। यह जोश इंग्लिस का दूसरा टेस्ट शतक था। इससे पहले उन्होंने जनवरी 2025 में श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में उन्होंने शतक ठोका था।
इंग्लिस के तीनों फॉर्मेट में एक से ज्यादा शतक
ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक से अधिक शतक जड़े हैं। इंग्लिस के अलावा, ग्लेन मैक्सवेल (5) और आरोन फिंच (2) का नाम शामिल है, लेकिन इनमें से किसी ने भी अन्य फॉर्मेट में एक से अधिक शतक नहीं लगाए। मैक्सवेल ने अपने वनडे करियर में चार शतक लगाए हैं, लेकिन टेस्ट में केवल एक शतक है। वहीं, फिंच के नाम भी 17 वनडे शतक हैं, लेकिन उन्होंने कोई टेस्ट शतक नहीं जड़ा है।
पुरुष क्रिकेट में कुल 38 खिलाड़ियों के नाम तीनों फॉर्मेट में शतक है। इसमें से सिर्फ 12 ने ही तीनों ही फॉर्मेट में एक से ज्यादा शतक ठोके हैं। भारत के रोहित शर्मा एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में 5 या उससे ज्यादा शतक ठोके हैं।
तीनों फॉर्मेट में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले पुरुष क्रिकेट
| खिलाड़ी | टीम | टेस्ट शतक | वनडे शतक | टी20I शतक |
| क्रिस गेल | वेस्टइंडीज | 15 | 25 | 2 |
| ब्रेंडन मैक्कुलम | न्यूजीलैंड | 12 | 5 | 2 |
| मार्टिन गप्टिल | न्यूजीलैंड | 3 | 18 | 2 |
| रोहित शर्मा | भारत | 12 | 35 | 5 |
| केएल राहुल | भारत | 12 | 9 | 2 |
| बाबर आजम | पाकिस्तान | 9 | 20 | 3 |
| जोस बटलर | इंग्लैंड | 2 | 11 | 2 |
| क्विंटन डी कॉक | दक्षिण अफ्रीका | 6 | 23 | 2 |
| हैरी ब्रूक | इंग्लैंड | 10 | 4 | 2 |
| शाई होप | वेस्टइंडीज | 5 | 21 | 3 |
| पाथुम निसांका | श्रीलंका | 4 | 7 | 2 |
| जोश इंग्लिस | ऑस्ट्रेलिया | 2 | 2 | 2 |
महिलाओं में सिर्फ स्मृति मंधाना का नाम
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 5 बैटर्स ने तीनों फॉर्मेट में शतक लगाए हैं। इंग्लैंड की हीथर नाइट ऐसा करने वाली पहली बल्लेबाज थी। हालांकि सिर्फ भारत की स्मृति मंधाना के नाम ही तीनों फॉर्मेट में एक से ज्यादा शतक हैं। उन्होंने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल में 2-2 जबकि वनडे में 14 शतक ठोके हैं।