जैसे पिता वैसा ही बेटा! 19 चौके और 8 छक्कों से वीरेंद्र सहवाग के बेटे ने ठोके 173 रन, फैंस की पुरानी यादें ताजा

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय विस्फोटक ओपनिंग बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बड़े बेटे आर्यवीर सहवाग ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान एक बार फिर अपनी ओर खींच लिया है। वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट में दिल्ली की कप्तानी कर रहे 18 वर्षीय आर्यवीर ने चंडीगढ़ के खिलाफ महज 143 गेंदों में 173 रनों की तूफानी पारी खेली।

उनकी इस आतिशी पारी के दम पर दिल्ली ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 289 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

दिल्ली की शानदार बल्लेबाजी

मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद शानदार रही। आर्यवीर और उनके साथी ओपनिंग बल्लेबाज अर्नव बुग्गा (47 रन) ने पहले विकेट के लिए 98 रनों की मजबूत साझेदारी निभाई। अर्नव के आउट होने के बाद आर्यवीर ने एक छोर संभाले रखा और फिर अभिलाष सिंह (18 रन) और शांतनु यादव (27 रन) के साथ महत्वपूर्ण साझेदारियां बनाकर टीम के स्कोर को 289 तक पहुंचाया। आर्यवीर 46वें ओवर में श्रेष्ठ दुग्गल की गेंद पर आउट हुए।

सहवाग की झलक साफ दिखी

आर्यवीर की इस विस्फोटक पारी में उनके पिता वीरेंद्र सहवाग की झलक साफ देखने को मिली। उन्होंने अपनी 173 रनों की पारी के दौरान 19 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के जड़े। इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ के गेंदबाजों, खासकर पार्थ गुप्ता की गेंदों पर जमकर रन बटोरे। चंडीगढ़ की ओर से रूपेश यादव ने दो विकेट हासिल किए।

कर्नाटक के खिलाफ झेली थी हार

इससे पहले कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दिल्ली को बड़ी हार का सामना करना पड़ा था, जहां कर्नाटक ने 418 रन बनाए थे और दिल्ली की पूरी टीम 220 रनों पर सिमट गई थी। उस मैच में आर्यवीर 32 रन ही बना सके थे लेकिन शुक्रवार को उन्होंने शानदार वापसी करते हुए कप्तानी पारी खेली। 8 अक्टूबर से विशाखापत्तनम में शुरू हुए इस टूर्नामेंट के लिए आर्यवीर को 16 सदस्यीय दिल्ली टीम का कप्तान बनाया गया है।

अंडर 19 में भी डेब्यू

आर्यवीर सहवाग हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राजकोट में भारत की अंडर-19 टीम के लिए अपना डेब्यू कर चुके हैं। उस तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज में उन्होंने तीन पारियों में कुल 109 रन बनाए थे जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 47 रन रहा था। इसके अलावा वे दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं और अब घरेलू सर्किट में कप्तानी की नई जिम्मेदारी के साथ बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।

Leave a Comment