नई दिल्ली: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी में मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिला। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवरों में 305 रन बनाकर अपनी सभी दस विकेट गंवा दिए।
हालांकि, इस मुकाबले की सबसे खास बात पाकिस्तान के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सलमान अली आगा का शानदार शतक रहा जिसके दम पर पाकिस्तान की टीम 300 से अधिक का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
सलमान आगा ने शतक से बनाया बड़ा रिकॉर्ड
सलमान अली आगा ने इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी का मुआयना पेश करते हुए 90 गेंदों में 107 रनों की तूफानी पारी खेली जिसमें 10 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। नंबर 5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए यह उनका चौथा वनडे शतक है। इस शतक के साथ ही सलमान अली आगा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह पाकिस्तान के लिए नंबर 5 या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ (3 शतक) को पीछे छोड़ दिया है।
बाबर आजम की सेल्फिश पारी
दूसरी ओर, टीम के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम एक बार फिर अपने रवैये को लेकर सवालों के घेरों में आ गए हैं। इस मुकाबले में बाबर आजम ने वनडे मैच में भी बेहद धीमी यानी टेस्ट जैसी पारी खेली। उन्होंने 57 गेंदों का सामना करते हुए केवल 45 रन बनाए जिसमें 6 चौके शामिल थे। क्रीज पर रुककर खुद को सेट करने और बड़ा व्यक्तिगत स्कोर खड़ा करने की उनकी धीमी और स्वार्थी कोशिश के बावजूद वह अपना अर्धशतक तक पूरा नहीं कर सके। इस पारी ने एक बार फिर उनके स्ट्राइक रेट और टीम के प्रति दृष्टिकोण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
किस बल्लेबाज का कैसा प्रदर्शन रहा?
पाकिस्तान की पूरी बल्लेबाजी की बात करें तो टॉप ऑर्डर की शुरुआत काफी निराशाजनक रही। ओपनिंग बल्लेबाज फखर जमान (16) और सैम अयूब (7) सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद साद बेग ने 40 गेंदों में 39 रनों (3 चौके, 2 छक्के) का योगदान दिया। मिडल ऑर्डर में सलमान अली आगा के साथ हसन नवाज ने 49 गेंदों में 37 रन (2 चौके, 2 छक्के) बनाए। इसके अलावा अराफात मिन्हास ने 15 गेंदों में 18 रन, फहीम अशरफ ने 6 रन और कप्तान शाहीन अफरीदी ने 12 गेंदों में 13 नाबाद रन बनाए। निचले क्रम में नसीम शाह और हारिस रऊफ बिना कोई खाता खोले शून्य पर आउट हो गए।