चैंपियंस ट्रॉफी से पहले 6 टी20 मैच का पूरा फायदा उठाना चाहेगी भारतीय टीम, कप्तान बनने के बाद पहली बार बोलीं मंधाना

भारतीय महिला टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने बुधवार को कहा कि उनकी टीम अगले साल होने वाली शुरूआती महिला चैंपियंस ट्रॉफी से पहले होने वाले छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

मंधाना शुक्रवार से रायपुर में जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की अगुआई करेंगी। इसके बाद दोनों टीम के बीच तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे। इस बीच एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला टीम बृहस्पतिवार को पुरुष टीम के साथ नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों सम्मानित होने के कार्यक्रम में हिस्सा लेगी। मंधाना ने रायपुर में पत्रकारों से कहा, ”जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली द्विपक्षीय श्रृंखला खेलना काफी रोमांचक है। हम पहली बार उनके खिलाफ खेलेंगे। ” उन्होंने कहा, ”कभी-कभी जिम्बाब्वे और अन्य एसोसिएट देशों के साथ खेलने पर लगता है कि आप उनसे भी काफी कुछ सीख सकते हैं क्योंकि वे अपने क्रिकेट का भरपूर आनंद लेते हैं। ”

टी-20 क्रिकेट में भारतीय टीम को सुधार की जरूरत

मंधाना ने कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बचे हुए शेष टी-20 मैचों में टीम इंडिया पूरी तरह फायदा उठाना चाहेगी और अपनी कमियों पर भी काम करेगी। मंधाना ने कहा ”कभी-कभी हम पेशेवर क्रिकेट में कई चीजों में उलझ जाते हैं। आप उनसे काफी कुछ सीख सकते हैं। लेकिन भारतीय टीम के तौर पर चैंपियंस ट्रॉफी से पहले हमारे पास छह टी20 मैच हैं। इसलिए हम अगले तीन महीनों में चैंपियंस ट्रॉफी तक अपनी तैयारियों के लिए कुछ मानक तय करना चाहेंगे कि भारतीय टीम के तौर पर हमें किस तरह आगे बढ़ना है।” मंधाना ने कहा कि टी20 प्रारूप में भारतीय टीम को अभी कई क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ”पिछले डेढ़ साल में हमने विश्व कप जीता है, लेकिन टी20 प्रारूप में कुछ ऐसी चीजें थीं जिन पर हमें विशेष रूप से काम करने की जरूरत थी। ” मंधाना ने कहा, ”हमें कई चीजों पर काम करना है और बहुत कुछ व्यवस्थित करना है। लेकिन मुझे लगता है कि आज अच्छी और सकारात्मक बातों पर चर्चा करने का दिन है। ”

बता दें कि हाल ही में टीम इंडिया की लंबे समय तक कप्तान रहीं हरनमप्रीत कौर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबी चौड़ी पोस्ट लिखी थी। उनके इस्तीफे के कुछ ही घंटे बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने स्मृति मंधाना को महिला टीम का नया कप्तान नियुक्त करने की घोषणा कर दी थी। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज से स्मृति मंधाना अपना पूर्णकालिक कप्तानी करियर शुरू कर रही हैं।

Leave a Comment