IND vs SL: कोलंबो टेस्ट में टीम इंडिया के हाथ में मुकाबला काफी हद तक आ चुका था लेकिन श्रीलंका ने आखिरी समय में कहानी बदल दी। पहली पारी में 213 रन की मजबूत बढ़त हासिल करने के बाद भी भारतीय टीम उसका फायदा नहीं उठा सकी।
मेजबान बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में जिस तरह मोर्चा संभाला, उससे भारत की जीत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।
पहली पारी के प्रदर्शन के बाद भारत के पास मैच पर पकड़ मजबूत करने का शानदार मौका था। 213 रन की बढ़त के बाद उम्मीद थी कि भारतीय गेंदबाज श्रीलंका को दबाव में रखेंगे और टीम जल्दी विकेट हासिल कर लक्ष्य को आसान बनाएगी। हालांकि ऐसा नहीं हुआ और फॉलोऑन देने का फैसला बिल्कुल गलत साबित हो गया।
कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को जल्द रोकने की चुनौती थी लेकिन भारतीय गेंदबाज लगातार रन लुटाते रहे। दूसरी तरफ मेजबान बल्लेबाजों ने धैर्य के साथ भारतीय गेंदबाजी का सामना किया और धीरे-धीरे मैच को भारत की पकड़ से दूर कर दिया।
सोनल दिनुषा ने फिर ठोका शतक
श्रीलंका की वापसी की सबसे बड़ी कहानी सोनल दिनुषा रहे। उन्होंने एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों के सामने शानदार बल्लेबाजी की और दूसरी पारी में शतक पूरा कर लिया। यह इस सीरीज में उनका तीसरा शतक है और मैच में लगातार दूसरा शतक भी है।
दिनुषा की पारी ने श्रीलंका को उस स्थिति से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई, जहां भारत बड़ी बढ़त के साथ जीत की तरफ बढ़ता नजर आ रहा था। उनके शतक ने न सिर्फ स्कोर बोर्ड को मजबूत किया, बल्कि भारतीय टीम पर दबाव भी बढ़ाया।
दूसरे बल्लेबाजों ने भी दिया पूरा साथ
सिर्फ दिनुषा के शतक के भरोसे श्रीलंका यहां तक नहीं पहुंचा। सूर्याबंडारा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए। इसके अलावा कामिंदु मेंडिस ने 55 रन की पारी खेली, जबकि केशरा नुवांता ने 46 रन का योगदान दिया। इन पारियों ने श्रीलंका की पारी को मजबूती दी और भारत के गेंदबाजों को लगातार विकेट के लिए इंतजार करना पड़ा। भारतीय गेंदबाज गेंदबाजी करते रहे लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाज रन जोड़ते चले गए।
400 पार पहुंचा श्रीलंका का स्कोर
एक समय जिस श्रीलंका के लिए मैच बचाना मुश्किल नजर आ रहा था, उसने दूसरी पारी में 400 रन का आंकड़ा पार कर लिया। आखिरी दिन के अंतिम सेशन तक मेजबान टीम ने 200 से ज्यादा रन की बढ़त हासिल कर ली, जिससे भारत की जीत की संभावना खत्म हो गई। श्रीलंका ने अंत में 9 विकेट पर 429 के स्कोर पर पारी घोषित की, इसके बाद टीम इंडिया ने हाथ मिलाकर टेस्ट ड्रॉ मान लिया और सीरीज 1-0 पर खत्म हो गई। सोनल दिनुषा ने नाबाद 133 रन बनाए। टीम इंडिया ने पहली पारी में 503 रन बनाए, जवाब में श्रीलंका ने 290 का स्कोर किया था।
जीत की जगह ड्रॉ की ओर बढ़ा मैच
भारत ने यही सोचा था कि फॉलोऑन देकर 213 के अंदर ही मेजबान टीम को आउट कर मैच जीत लिया जाएगा मगर श्रीलंका के सोनल दिनुषा और अन्य प्लेयर्स ने गेम बदल दिया और यह मैच गिल और गंभीर को याद रहेगा।