कागिसो रबाडा शुक्रवार को डरबन में शुरू होने वाले दक्षिण अफ़्रीका के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट से आधिकारिक तौर पर बाहर हो गए हैं। रबाडा को विंटर ट्रेनिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी और मई के अंत में आईपीएल के बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है।
उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान दौरे के बाद से कोई टेस्ट भी नहीं खेला है। रबाडा ने टेस्ट सीरीज से पहले गेंदबाज़ी में वापसी जरूर की थी और वीकेंड पर दक्षिण अफ़्रीका के इंट्रा-स्क्वाड ट्रेनिंग मैच में हिस्सा भी लिया था। इसके बाद गुरुवार को किंग्समीड में उन्होंने एक और ट्रेनिंग सेशन किया। हालांकि, दक्षिण अफ़्रीका ने उन्हें आठ टेस्ट वाले घरेलू सीजन से पहले पूरी तरह मैच-फिट होने के लिए थोड़ा और समय देने का फैसला किया है।
तेम्बा बावूमा ने दिया अपडेट
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बवूमा ने कहा, “हमने थोड़ा सतर्क रुख अपनाया और उन्हें कुछ अतिरिक्त दिन देने का फैसला किया, ताकि वह 100 प्रतिशत फिटनेस के जितना करीब पहुंच सकें।” हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए रबाडा की वापसी तय है या नहीं।
बवूमा ने कहा, “हमें अपनी मेडिकल टीम पर भरोसा है कि वह उन्हें उस स्थिति में पहुंचा देगी, जहां हम उन्हें चाहते हैं। लेकिन उन्होंने अभी आधिकारिक तौर पर कगिसो को हमारे हवाले नहीं किया है। वह अभी मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। जैसे ही उन्हें हरी झंडी मिलती है, हम उम्मीद करते हैं कि वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे।”
तीन साल बाद नार्खिया की वापसी
रबाडा की गैरमौजूदगी में दक्षिण अफ्रीका ने ऐसी इलेवन चुनी है, जिसमें एनरिख नॉर्खिये शामिल हैं। नॉर्खिया मार्च 2023 के बाद पहली बार टेस्ट खेलेंगे। नॉर्खिये अब सीएसए के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा नहीं हैं और अप्रैल 2023 के बाद से किसी मैच में उन्होंने आठ ओवर से ज़्यादा गेंदबाजी नहीं की है। हालांकि, डरबन में नेट्स पर वह प्रभावशाली रहे हैं और बुधवार को उनकी रफ़्तार ख़ास तौर पर शानदार रही, जिसके बाद टीम में उनकी जगह पक्की हुई। गुरुवार के वैकल्पिक ट्रेनिंग सेशन में दक्षिण अफ्रीका के ज्यादातर खिलाड़ी पहुंचे। सिर्फ बवूमा, महाराज, बॉश और रायन रिकलटन ट्रेनिंग से गैरहाजिर रहे।
बवूमा ने कहा, “नॉर्खिये जैसे खिलाड़ी को नजरअंदाज करना मुश्किल है। वह एक्स-फ़ैक्टर हैं। ऐसे बहुत कम खिलाड़ी हैं जो 150 किमी प्रति घंटा से ज़्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं और बतौर बल्लेबाज मैं ऐसी गेंदबाजी का सामना करना नहीं चाहूंगा। तेज़ गेंदबाज़ी के मामले में वह हमारी रणनीति में अच्छी तरह फिट बैठते हैं। रेड-बॉल क्रिकेट में उनके पास ज़्यादा ओवर गेंदबाज़ी करने का अनुभव नहीं है, लेकिन वह गेंदबाज़ी कोचों के साथ काम कर रहे हैं। यहां सीरीज़ से पहले हमें जितना समय मिला है, उसमें भी वह नेट्स में काफ़ी प्रभावशाली रहे हैं। इसलिए एनरिख़ नॉर्खिये को मौक़ा देना सोच-समझकर लिया गया फ़ैसला था।”
नॉर्खिये के चोटिल होने के इतिहास, खास तौर पर पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर को देखते हुए, उनके वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी दक्षिण अफ्रीका की मेडिकल टीम नजर रखेगी। बवूमा ने कहा, “इस व्यस्त सीजन में दक्षिण अफ्रीका के सभी गेंदबाजों की तरह उनका भी जितना संभव हो सके उतना सही तरीके से मैनेजमेंट किया जाएगा। सच कहूं तो मेरा ध्यान अभी कल होने वाले मैच पर है।”
नॉर्खिया के साथ तेज गेंदबाजी आक्रमण में मार्को यानसन और वियान मुल्डर होंगे। दूसरे ऑलराउंडर के तौर पर कॉर्बिन बॉश की जगह मुल्डर को चुना गया है।
बवूमा ने कहा, “वियान बल्ले से आपको थोड़ा ज्यादा देता है। नंबर 6 या 7 पर आपको ऐसे खिलाड़ी की ज़रूरत होती है जो बड़ी पारियां खेल सके। वियान ने दिखाया है कि वह ऐसा कर सकते हैं। नई गेंद से भी, जिस भूमिका में हम उन्हें देखते हैं, हमें भरोसा है कि वह प्रभावी साबित हो सकते हैं। वह अच्छे स्लिप कैचर भी हैं, इसलिए यह भी उनके पक्ष में जाता है। लेकिन सबसे बड़ी वजह उनकी बल्लेबाजी की क्षमता रही।”
दो स्पिनर को मौका
साउथ अफ्रीका ने अपनी इलेवन में दो स्पिनरों केशव महाराजऔर साइमन हार्मर को भी शामिल किया है। दोनों ने आखिरी बार नवंबर 2025 में भारत में खेले गए टेस्ट में साथ खेला था। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि तटीय इलाक़े की धीमी पिचें इस स्पिन जोड़ी के लिए मददगार होंगी। बवूमा ने कहा, “इस स्पिन जोड़ी ने हमारे गेंदबाज़ी आक्रमण में एक और आयाम जोड़ा है। हम हमेशा तेज़ गेंदबाज़ी पर भरोसा करते रहे हैं, लेकिन जब परिस्थितियां स्पिनरों के लिए मददगार रही हैं, तो दोनों ने प्रभावी भूमिका निभाई है। उनके बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है, जो हमेशा मदद करती है।”
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम : एडेन मारक्रम, रायन रिकेलटन, डेविड बेडिंघम, तेम्बा बवूमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, वियान मुल्डर, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को यानसन, केशव महाराज, साइमन हार्मर, एनरिक नॉर्खिये