कपीश दुबे, नईदुनिया, इंदौर। जापान के आइची-नागोया शहर में शनिवार से प्रारंभ हो रहे एशियाई खेलों के सबसे बड़े आयोजन में देश की उम्मीदों का भार इंदौर के युवाओं के कंधों पर भी होगा। इस वैश्विक आयोजन में इंदौर के प्रद्युमन सिंह राठौर और शिखा चौहान कैनो स्लालम स्पर्धा में भारतीय चुनौती पेश करेंगे।
दोनों ही खिलाड़ियों ने शहर के महूनाका स्थित शासकीय स्विमिंग पूल पर अभ्यास करते हुए अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। इसके अलावा पहली बार शामिल पुरुष क्रिकेट स्पर्धा में फैसला सुनाने की जिम्मेदारी इंदौर के नितिन मेनन को सौंपी गई है।
एशियन गेम्स में नितिन देश के एकमात्र अंपायर हैं। ओलिंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और शाटपुटर तजिंदर पाल सिंह तूर शनिवार को होने वाले उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक होंगे। तूर दो बार के गत चैंपियन हैं। उद्घाटन समारोह पालोमा मिजुहो स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक होगा।
हांगझू में तीन साल पहले भारतीय खेलों ने जिस ऊंचाई को छुआ था, अब उसी से आगे बढ़ने की चुनौती है। चीन में हुए एशियन गेम्स में 106 पदकों के रिकार्ड के साथ भारत ने साबित किया था कि उसकी ताकत कुछ चुनिंदा खेलों तक सीमित नहीं रही है।
अब आइची-नागोया में 20वें एशियाई खेलों में 501 सदस्यीय भारतीय दल उस नए विश्वास को प्रदर्शन में बदलने उतरेगा। अगले 15 दिन भारत के लिए सिर्फ पदकों की गिनती नहीं, बल्कि यह परखने का भी मौका होंगे कि 2036 तक दुनिया के शीर्ष 10 खेल राष्ट्रों में शामिल होने के उसके सपने की दिशा सही है या नहीं।
करीब 11 हजार खिलाड़ी और 43 खेलों की भागीदारी वाला एशियन गेम्स कई मायनों में ओलिंपिक से भी बड़ा आयोजन है। भारत के लिए चुनौती भी उतनी ही बड़ी है। हांगझू में मिले 106 पदक अब नया मानक हैं और नागोया में हर भारतीय खिलाड़ी से उसी विरासत को आगे बढ़ाने की उम्मीद होगी।
मप्र के 32 खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
मध्य प्रदेश के 32 खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों का चयन एथलेटिक्स, क्रिकेट, कैनो स्लालम, कैनो स्प्रिंट, हाकी, जूडो, रोइंग, सेलिंग, शूटिंग और साफ्ट टेनिस सहित 10 खेल विधाओं में हुआ है। मप्र के कुलदीप कुमार और देव कुमार मीणा का चयन पोल वाल्ट स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगे। वहीं महिला क्रिकेट टीम में मप्र की क्रांति गौड़ शामिल हैं।
कैनो स्लालम में शिखा चौहान, पल्लवी जगताप, हितेश केवट, रीना सेन और प्रद्युमन सिंह चयनित हुए हैं। शिखा चौहान और हितेश केवट कयाक क्रास स्पर्धा में, जबकि पल्लवी जगताप, रीना सेन और प्रद्युमन सिंह कैनो एकल स्पर्धा में भारत की चुनौती पेश करेंगे।
कैनो स्प्रिंट में पुरोहित बारोयी का चयन कयाक युगल 500 मीटर टीम स्पर्धा के लिए हुआ है। पुरुष हाकी टीम में मप्र के विवेक सागर प्रसाद और नीलाकांत शर्मा शामिल हैं तो वहीं महिला हाकी टीम में ईशिका चौधरी, बिच्छू देवी और सुशीला चानू हैं।
वहीं जूडो स्पर्धा में यामिनी मौर्य, रोइंग में पूनम, गुरवानी कौर और अंशिका भारती हिस्सा लेंगी। सेलिंग में मप्र की सबसे मजबूत मौजूदगी दिखेगी। इस खेल में प्रदेश के हर्षिता तोमर, शीतल वर्मा, माही वर्मा, श्रद्धा वर्मा, मनु फ्रांसिस, प्रिंस और रवींद्र कुमार शर्मा का चयन हुआ है। शूटिंग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरू डांडा, आशी चौकसे और मनीषा कीर भारत की चुनौती पेश करेंगे। साफ्ट टेनिस में योगेश चौधरी, जय मीणा और आध्या तिवारी का चयन हुआ है।