एशियन गेम्स के क्वार्टर-फाइनल में जापान को हराकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है. आज हुए दूसरे क्वार्टर-फाइनल में श्रीलंका ने मलेशिया को 86 रनों से हराया. गुरुवार को बांग्लादेश और पाकिस्तान ने टॉप-4 में जगह बनाई थी.
जानिए हरमनप्रीत कौर एंड टीम सेमीफाइनल में किसके साथ भिड़ेगी? ये मैच कब और कहां पर होगा?
बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका और भारत ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाई है. क्वार्टर-फाइनल में टॉस जीतकर हरमनप्रीत कौर ने गेंदबाजी चुनी थी. श्री चरणी की घातक के चलते जापान की पूरी टीम 57 रनों पर सिमट गई. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने पांचवें ओवर में जीत दर्ज कर ली. शेफाली वर्मा ने 15 गेंदों में 40 रन बनाए.
एशियन गेम्स सेमीफाइनल में किसके साथ है भारत की टक्कर?
एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला बांग्लादेश के साथ है. हाल ही में हुए एशिया कप में भी भारतीय टीम ने बांग्लादेश को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.
बांग्लादेश की बात करें तो उनका एशियन गेम्स में चीन के साथ क्वार्टर-फाइनल बारिश के कारण रद्द हो गया था. नियमों के अनुसार अच्छी रैंकिंग वाली टीम को फायदा मिलता है, ऐसे में चीन बाहर हो गई और बांग्लादेश को सेमीफाइनल में जगह मिल गई.
एशियन गेम्स 2026 सेमीफाइनल की डिटेल
दोनों सेमीफाइनल 20 सितंबर को होंगे. पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान की भिड़ंत श्रीलंका से और दूसरे में भारत की भिड़ंत बांग्लादेश के साथ होगी.
भारत बनाम बांग्लादेश सेमीफाइनल मैच भारतीय समयनुसार सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा. ये मुकाबला Nisshin (Korogi Sports Park) में होगा.
ऐसे में संभावना है कि एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना पाकिस्तान के साथ हो सकता है. हालांकि याद दिला दें कि हाल ही में खत्म हुए एशिया कप के सेमीफाइनल में श्रीलंका पाकिस्तान को हराकर ही फाइनल में पहुंची थी, जहां भारत ने उन्हें हराकर खिताब जीता था.