एशियन गेम्स में बिना खेले सेमीफाइनल पहुंचा बांग्लादेश, बारिश ने चीन का तोड़ा सपना

ई दिल्ली। 2026 एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई है और पहले ही क्वार्टरफाइनल में बारिश ने बड़ा खेल कर दिया। बांग्लादेश बिना एक भी गेंद खेले सेमीफाइनल में पहुंच गया , जबकि चीन का टूर्नामेंट यहीं खत्म हो गया।

17 सितंबर को बांग्लादेश और चीन के बीच क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेला जाना था। मैच कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में निर्धारित था, लेकिन खराब मौसम और मैदान गीला होने के कारण मुकाबला शुरू नहीं हो सका। अंपायरों ने तीन बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन परिस्थितियों में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार मुकाबला बिना कोई गेंद फेंके रद्द कर दिया गया।

सीडिंग सिस्टम से बांग्लादेश को फायदा

एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में सीडिंग प्रक्रिया लागू है। ऐसे में मैच रद्द होने के बाद बेहतर रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में जगह देने का नियम लागू हुआ। बांग्लादेश महिला टी20 टीम रैंकिंग में 10वें स्थान पर है, जबकि चीन 36वें स्थान पर है।

इस नियम के चलते बांग्लादेश को सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया और चीन की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई। टूर्नामेंट सीधे नॉकआउट चरण से शुरू हो रहा है, इसलिए चीन के पास वापसी का कोई दूसरा मौका नहीं है।

बिना खेले मेडल के करीब पहुंचा बांग्लादेश

दिलचस्प बात यह है कि बांग्लादेश ने अभी तक टूर्नामेंट में एक भी गेंद नहीं खेली है, लेकिन वह पदक से सिर्फ एक जीत दूर है। सेमीफाइनल जीतने पर टीम का कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो जाएगा। वहीं सेमीफाइनल में हारने पर भी बांग्लादेश के पास ब्रॉन्ज मेडल जीतने का मौका रहेगा।

प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 16.10.2 के तहत यदि मुकाबला किसी कारण से रद्द हो जाता है, तो ऊंची रैंकिंग वाली टीम को अगले चरण में प्रवेश दिया जाता है।

18 सितंबर को भारत का क्वार्टरफाइनल

अब सभी की नजर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुकाबले पर है। भारत का क्वार्टरफाइनल मैच 18 सितंबर को जापान के खिलाफ खेला जाएगा। इसके अलावा दूसरे क्वार्टरफाइनल में पाकिस्तान और थाईलैंड आमने-सामने होंगे, जबकि तीसरे क्वार्टरफाइनल में श्रीलंका और मलेशिया की भिड़ंत होगी।

भारत ने 2022 एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था। टीम इंडिया इस बार भी अपना खिताब बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Leave a Comment