Australia vs South Africa ODIs: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 अक्टूबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन के चोटिल होकर बाहर होने के बाद क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर डुआन यानसन को टीम में शामिल कर लिया है.
इसके साथ ही डुआन अपने जुड़वा भाई और स्टार ऑलराउंडर मार्को यानसन के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करते हुए प्रोटियाज टीम के लिए मैदान पर उतरेंगे.
हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते बाहर हुए बार्टमैन
साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजी पर चोटों का साया मंडरा रहा है. ओटनील बार्टमैन घरेलू फर्स्ट-क्लास सीजन के शुरुआती मुकाबले में डॉल्फिन्स के लिए खेलते हुए बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट का शिकार हो गए थे. मैच में सिर्फ पांच ओवर गेंदबाजी करने के बाद वो मैदान से बाहर चले गए और दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतरे. बार्टमैन इस सीरीज से बाहर होने वाले दूसरे तेज गेंदबाज हैं. इससे पहले दिग्गज तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा भी हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं.
डुआन यानसन को मिला शानदार फॉर्म का इनाम
डुआन यानसेन हाल ही में साउथ अफ्रीका की टीम के साथ नामीबिया दौरे पर थे, जहां उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया. डुआन नामीबिया T20I ट्राई-सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. इसके बाद दो वनडे मैचों में भी उन्होंने 5 विकेट चटकाकर अपनी धारदार फॉर्म साबित की. दिलचस्प बात यह है कि जिस फर्स्ट-क्लास मैच में बार्टमैन चोटिल हुए थे, उसी मैच में डुआन के जुड़वा भाई मार्को यानसन ने शानदार 7 विकेट झटके थे.
एक साथ मैदान में दिखेगी भाइयों की जोड़ी
क्रिकेट इतिहास में जुड़वा भाइयों का एक साथ किसी इंटरनेशनल टीम में खेलना काफी अनोखा पल होगा. मार्को यानसन जहां पहले से ही साउथ अफ्रीका के तीनों फॉर्मेट के अहम खिलाड़ी बन चुके हैं, वहीं डुआन यानसन के टीम में आने से ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने एक ही चेहरे और शैली वाले दो बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों का सामना करने की अनोखी चुनौती होगी. इन दोनों खिलाड़ियों ने अभी तक कोई भी इंटरनेशनल मैच एक-साथ नहीं खेला है.