भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सके लेकिन एक छक्का लगाकर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह टी20 इंटरनेशनल में 1-6 ओवर में 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने हाल ही में रोहित शर्मा को इस लिस्ट में पीछे छोड़ा था। अभिषेक शर्मा ने क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे मुकाबले में 21 गेंद में 27 रन की पारी खेली। तिलक वर्मा के बेहतरीन अर्धशतक और उनकी नीतीश कुमार रेड्डी के साथ सातवें विकेट के लिए 69 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी 20 में एक गेंद शेष रहते चार विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
टी20 इंटरनेशनल में 1-6 ओवर के बीच सबसे ज्यादा छक्के
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम टी20 इंटरनेशनल में 1-6 ओवर के बीच सर्वाधिक छक्के मारने का रिकॉर्ड है। उन्होंने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में एक छक्का लगाकर अपना 100वां छक्का पूरा किया। उपलब्ध आंकड़े के मुताबिक वह टी20 इंटरनेशनल में 1-6 ओवर के बीच में 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। अभिषेक लगभग हर 8वीं गेंद पर इस दौरान छक्का जड़ते हैं, जिसके कारण पावरप्ले में गेंदबाज उनके आगे आने से खौफ खाते हैं। रोहित शर्मा इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 98 छकके मारे हैं। मार्टिन गप्टिल के नाम 87 और पॉल स्टर्लिंग ने 94 छक्के ठोके हैं। क्विंटन डिकॉक के नाम 87 छक्के हैं।
सैंटनर ने भारत पर बनाया दबाव
कप्तान मिचेल सैंटनर (चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी से एक समय न्यूजीलैंड की टीम जीत की ओर बढ़ रही थी। पर तिलक ने फिनिशर की भूमिका निभाते हुए मैच उनके हाथों से छीन लिया। भारतीय गेंदबाजों ने पहले मैच की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन मेजबान टीम ने ग्लेन फिलिप्स (70) और बेवोन जैकब्स (56) के अर्धशतकों के बाद पांच विकेट पर 180 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
तिलक-नमन और नीतीश ने किया कमाल
भारत के लिए शुरूआत इतनी अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरू में लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। मध्यक्रम बल्लेबाज नमन धीर ने 31 रन, अभिषेक शर्मा ने 27 रन, संजू सैमसन ने 14 रन और अक्षर पटेल ने 11 रन बनाए। भारत को पहला झटका पांचवें ओवर में जैकब डफी ने सैमसन को आउट करके दिया जो धीमी गेंद को जल्दी खेलकर ग्लेन फिलिप्स के हाथों लपके गए, तब टीम का स्कोर 40 रन था। स्कोर में चार रन ही जुड़े थे कि सीरीज का पहला मैच खेल रहे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (04) को नाथन स्मिथ ने आउट कर दिया।
इसके बाद बाएं हाथ के स्पिनर सैंटनर ने आते ही कमाल की गेंदबाजी करते हुए अभिषेक, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर (07) और अक्षर के विकेट झटके। इस तरह भारत ने 11वें ओवर में 70 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। सैंटनर की गेंद को हवा में उठाने के बाद अभिषेक डीप मिडविकेट पर स्मिथ के हाथों लपक गए और शीर्ष तीन बल्लेबाज पवेलियन लौटने के बाद भारत दबाव में आ गया था। सैंटनर ने फिर अपने दूसरे ओवर में अय्यर और अक्षर को आउट किया, इस तरह भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। नमन और तिलक ने मिलकर 25 गेंद की साझेदारी में 42 रन बनाए। पर सैंटनर ने अपने अंतिम ओवर और पारी के 15वें ओवर में नमन को आउट किया जिससे भारत को 112 रन छठा झटका लगा।
तिलक वर्मा और नीतिश कुमार रेड्डी ने ऐसे समय में जिम्मेदारी संभाली, जब टीम 15वें ओवर में 112 रन पर छह विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। लेकिन दोनों ने सूझबूझ और संयम से बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में छह विकेट पर 181 रन बनाकर भारत को पांच मैच की सीरीज में 2-0 से आगे कर दिया।