नई दिल्ली: टीम इंडिया के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 36 साल के चहल का यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। उन्होंने अपना आखिरी रेड-बॉल मैच लॉर्ड्स में नॉर्थम्पटनशायर के लिए खेला था।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने खुद यह जानकारी दी। चहल ने साफ कर दिया है कि यह फैसला सिर्फ रेड-बॉल क्रिकेट के लिए है। वह वनडे और T20 खेलना जारी रखेंगे। उनका कहना है कि देश के लिए खेलने की भूख अब भी जिंदा है और वह इन दोनों फॉर्मेट में वापसी का मौका पाने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे।
फर्स्ट क्लास में कैसा रहा रिकॉर्ड
चहल ने 49 फर्स्ट क्लास मैचों की 79 पारियों में 148 विकेट लिए। उनका बॉलिंग एवरेज 32.27 और इकॉनमी 3.13 रहा। वह 6 बार पारी में पांच विकेट और 8 बार चार विकेट ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/44 रहा, जबकि एक मैच में उन्होंने 9/99 का आंकड़ा भी छुआ।
पोस्ट में छलका दिल का दर्द
चहल ने लिखा कि उन्होंने 10 साल की उम्र में पहली बार लाल गेंद थामी थी। रेड-बॉल क्रिकेट ने उन्हें धैर्य, संघर्ष और मैदान पर डटे रहने की सीख दी। लॉर्ड्स में आखिरी मैच खेलना उनके लिए भावुक पल था। टेस्ट कैप पहनने का सपना अधूरा रहा, लेकिन वह अपने सफर से संतुष्ट हैं। उन्होंने हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन का भी आभार जताया। 23 सितंबर को चहल ने लॉर्ड्स से कुछ तस्वीरें डाली थीं, जिनके कैप्शन में बस ‘The Last Dance’ लिखा था। तब इसे संन्यास से जोड़ा गया, मगर बात साफ नहीं थी। अब पता चला कि इशारा रेड-बॉल करियर के अंत की ओर था।
टीम इंडिया से दूरी
चहल ने आखिरी वनडे 24 जनवरी 2023 और आखिरी T20I 13 अगस्त 2023 को खेला था। उन्होंने भारत के लिए 72 वनडे में 121 और 80 T20I में 96 विकेट लिए। 2024 T20 वर्ल्ड कप टीम में रहने के बावजूद उन्हें एक भी मैच नहीं मिला। टेस्ट खेलने का मौका उन्हें कभी नहीं मिल सका। IPL में चहल मुंबई इंडियंस, आरसीबी, राजस्थान रॉयल्स और अब पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे हैं। काउंटी में वह केंट और नॉर्थम्पटनशायर के लिए खेल चुके हैं।