स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को पहले टेस्ट में 214 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में बढ़त बना ली। किंग्समीड में खेले गए मुकाबले के पांचवें दिन मेजबान टीम 421 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 206 रन पर सिमट गई।
तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने दूसरी पारी में 49 रन देकर छह विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस हार के साथ दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा का टेस्ट क्रिकेट में लगातार जीत दर्ज करने का सिलसिला खत्म हो गया। यह बतौर टेस्ट कप्तान उनकी पहली हार है। इससे पहले वह 12 टेस्ट में टीम की कप्तानी कर चुके थे। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान हाशिम अमला को आठ टेस्ट के बाद पहली हार मिली थी।
WTC की अंक तालिका में बदली तस्वीर
ऑस्ट्रेलिया की जीत का असर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका पर भी पड़ा है। टीम 81.82 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर और मजबूत हो गई है। वहीं, न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। दक्षिण अफ्रीका को हार के कारण नुकसान हुआ और वह 60 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गया। बाकी टीमों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ।
हेजलवुड ने पलटा मैच
दक्षिण अफ्रीका ने पांचवें दिन की शुरुआत अच्छी की थी। एडेन मार्करम और वियान मुल्डर ने संभलकर बल्लेबाजी की और शुरुआती 110 मिनट तक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को विकेट नहीं लेने दिया। लेकिन गेंदबाजी में बदलाव के बाद मैच का रुख बदल गया।
हेजलवुड ने मुल्डर को 29 रन पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। अगले ओवर में मैट रेनशॉ ने अपनी पहली ही गेंद पर काइल वेरेन को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद हेजलवुड ने मार्को यानसन को बोल्ड किया और साइमन हार्मर को कैरी के हाथों कैच कराया।
मार्करम ने 75 रन की जुझारू पारी खेली। वह करीब 6 घंटे क्रीज पर टिके रहे, लेकिन मिचेल स्टार्क की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। आखिरी चार विकेट महज 16 गेंदों में पांच रन जोड़कर गिर गए।
रेनशॉ का यादगार टेस्ट
मैट रेनशॉ इस मैच के सबसे बड़े सितारों में रहे। उन्होंने पहली पारी में 190 और दूसरी पारी में 82 रन बनाए। इसके बाद सोमवार को दक्षिण अफ्रीकी कप्तान बावुमा का विकेट लेकर उन्होंने अपना पहला टेस्ट विकेट भी हासिल किया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ऑस्ट्रेलिया पहले दिन 124 रन पर छह विकेट गंवाकर मुश्किल में था, लेकिन रेनशॉ की बल्लेबाजी ने टीम को पहली पारी में 390 रन तक पहुंचाया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी और शानदार जीत दर्ज की।