ICC World Test Championship Final: ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-2027 के फाइनल में पहुंचने की होड़ बेहद रोमांचक हो गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा फाइनल का शेड्यूल जारी किए जाने के बाद शीर्ष दो स्थानों पर कब्जा जमाने के लिए सभी बड़ी टीमों के बीच रस्साकशी तेज हो चुकी है।
इस बार खिताबी मुकाबला 9 से 13 जून को लंदन के ऐतिहासिक द ओवल मैदान पर खेला जाएगा। हालांकि इस साइकिल का फाइनल लॉर्ड्स में होना था, लेकिन अब वेन्यू को ओवल शिफ्ट कर दिया गया है।
जानें अंक तालिका का मौजूदा समीकरण
(WTC) के नियमों के मुताबिक, फाइनल का टिकट जीत के अंक प्रतिशत (PCT %) के आधार पर तय होता है। वर्तमान स्थिति में ऑस्ट्रेलिया 80.00% अंकों के साथ शीर्ष पर मजबूत बना हुआ है।
वहीं, दक्षिण अफ्रीका 75.00% अंकों के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 72.22% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहकर कंगारू टीम को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। वहीं बांग्लादेश 55.56% अंकों के साथ चौथे पायदान पर है।
पांचवें नंबर पर खिसकी भारतीय टीम
दरअसल, अब तक दो बार 2021 और 2023 WTC फाइनल खेल चुकी फिलहाल 51.52% अंकों के साथ पांचवें पायदान पर खिसक गई है। भारतीय टीम ने इस साइकिल में अब तक 11 मैच खेले हैं, जिसमें उसे 5 में जीत, 4 में हार और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
भारत के बाद श्रीलंका (33.33%) छठे, इंग्लैंड 38.54% – धीमी ओवर गति के नुकसान के साथ सातवें, वेस्टइंडीज (20.83%) आठवें और पाकिस्तान (4.63%) नौवें नंबर पर संघर्ष कर रहे हैं। राहत की बात यह है कि गणितीय रूप से सभी 9 टीमें अभी भी फाइनल की रेस में बनी हुई हैं।
कैसा है ओवल का इतिहास और चुनौती?
आपको बता दें कि, द ओवल मैदान 2023 के बाद दूसरी बार WTC फाइनल की मेजबानी करेगा। 2023 के फाइनल में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को शिकस्त दी थी। भारत को अपने दोनों पिछले फाइनल 2021 में न्यूजीलैंड और 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ में हार झेलनी पड़ी है।
ऐसे में भारतीय टीम आगामी सीरीज में दमदार प्रदर्शन कर अंक तालिका में शीर्ष दो में वापसी करना चाहेगी ताकि ओवल में पुराना हिसाब चुकता कर सके।