World Championship of Legends 2026 में भारत और बांग्लादेश के बीच 11 अक्टूबर को खेले मुकाबले का रोमांचक अंत देखने को मिला. ये मुकाबला आखिरी ओवर की अंतिम गेंद तक गया, जिसमें आखिरकार बाजी उस टीम के नाम रही, जो स्कोर को डिफेंड कर रही थी.
सांस रोक देने वाले रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश चैंपियंस ने इंडिया चैंपियंस को 3 रन से हराया. लेकिन, जीत और हार के नतीजे तक पहुंचने से पहले की जो घटना रही, वो बेहद दिलचस्प रही.
आखिरी ओवर में 12 रन की दरकार
बांग्लादेश चैंपियंस ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 141 रन बनाए थे. जवाब में 142 रन का पीछा करने उतरी इंडिया चैंपियंस की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 12 रन चाहिए थे और उसके हाथ में 2 विकेट बचे थे. इस स्टेज तक सभी को भारत की जीत तय लग रही थी. लेकिन, वो कहते हैं ना कि क्रिकेट में तब तक जीत और हार का कुछ नहीं कह सकते, जब तक कि खेल खत्म ना हो जाए. कुछ वैसा ही इस मुकाबले में भी देखने को मिला.
आखिरी ओवर की पहली 3 गेंदों में बने 4 रन
बांग्लादेश चैंपियंस की ओर से आखिरी ओवर अबू जायद डालने आए, जिनके ऊपर 12 रन डिफेंड करने की जिम्मेदारी थी और क्रीज पर मौजूद थे भारत के 2 खिलाड़ी पवन नेगी और पीयूष चावला. अबू जायद की पहली गेंद पवन नेगी ने खेली और उन्होंने उस पर सिंगल लिया. इसके बाद अबू जायद की दूसरी गेंद वाइड रही, जिसे उन्होंने फिर से लीगल तरीके से फेंका. अबू जायद की दूसरी गेंद पर पीयूष चावला ने सिंगल लिया. तीसरी गेंद का सामना पवन नेगी ने किया और उस पर भी सिंगल आए. इस तरह इंडिया चैंपियंस ने पहली 3 गेंदों पर 4 रन हासिल किए.
अगली 3 गेंदों में नहीं बने 8 रन, 3 रन से हारे इंडिया लेजेंड्स
अब इंडिया चैंपियंस को जीत के लिए अगली 3 गेंदों पर 8 रन और बनाने थे. अबू जायद की अगली यानी चौथी गेंद पर पीयूष चावाल ने 2 रन बटोरे. मतलब आखिरी 2 गेंदों पर 6 रन की जरूरत. ऐसा लगा कि भारतीय बल्लेबाज बड़े शॉट के लिए जाएंगे. लेकिन अबू जायद मे ऐसा होने नहीं दिया. आखिरी 2 गेंदों में से एक-एक चावला और नेगी ने खेली, जिस पर उन्होंने सिंगल्स ही चुराए. मतलब, आखिरी ओवर में 12 रन की जगह इंडिया चैंपियंस 8 रन ही बना सकी और मुकाबला 3 रन से हार गई.